Uttarakhand News 20 Feb 2026: हल्द्वानी में चेकिंग अभियान के तहत कोतवाली क्षेत्र के टनकपुर रोड स्थित होटल कैलाश व्यू में ठहरे युवक से एक तमंचा और 3 कारतूस मिले हैं। आरोपी पंकज सिंह बिष्ट निवासी चमोली के खिलाफ आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

डीजीपी के निर्देश पर पुलिस सत्यापन और चेकिंग अभियान चला रही है। इसी क्रम में हल्द्वानी कोतवाली की पुलिस टीम बुधवार शाम राजपुरा रेलवे क्रॉसिंग पार कर टनकपुर रोड स्थित होटल कैलाश व्यू पहुंची। टीम ने रूम नंबर 205 का दरवाजा खुलवाया। हल्द्वानी कोतवाल विजय सिंह मेहता ने बताया कि बाहर आकर युवक ने अपना नाम पंकज सिह बिष्ट (31 वर्ष) निवासी ग्राम मोल्टा थाना जोशीमठ जिला चमोली बताया। आईडी मांगने पर उसने आयुष्मान कार्ड दिखाया। आधार कार्ड मांगने पर उसने बैग में रखे पर्स को निकाला। इसमें पहचान संबंधी दस्तावेज और नकदी मिली। शक होने पर टीम ने जब बैग को चेक किया। बैग में मौजूद नीले रंग की पन्नी में 12 बोर का तमंचा और तीन कारतूस मिले। एक कारतूस पर आरसी 12 इटली लिखा था। पुलिस ने जांच के लिए मोबाइल को जब्त किया है।

युवक से तमंचे की खरीद समेत अन्य बिंदुओं पर पूछताछ हो रही है। बनभूलपुरा में घर से मिले दो तमंचे और एके 47 के कारतूस की भी जांच चल रही है। सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेगा।