Uttarakhand News 12 Mar 2026: देहरादून। टी20 विश्व कप विजेता भारतीय टीम के चाइनामैन गैंदबाज कुलदीप यादव ने अपनी शादी से ठीक पहले गुरुवार को देहरादून पहुंचकर उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों से शिष्टाचार भेंट की और उन्हें विवाह समारोह का निमंत्रण दिया।

देहरादून स्थित एसोसिएशन कार्यालय में उनका पारंपरिक तरीके से ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया।

गुरुवार दोपहर करीब 12:40 बजे कार्यालय पहुंचे कुलदीप का स्वागत माल्यार्पण, पुष्पगुच्छ और सम्मान के साथ किया गया।

इस दौरान उन्होंने क्रिकेट एसोसिएशन आफ उत्तराखंड के पूर्व सचिव तथा भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) के पूर्व उपाध्यक्ष महिम वर्मा को अपनी शादी का व्यक्तिगत निमंत्रण देते हुए समारोह में शामिल होने का आग्रह किया।

महिम वर्मा ने कुलदीप को टी20 विश्व कप में भारत को गौरव दिलाने की उपलब्धि और जीवन के नए चरण में प्रवेश के लिए शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि कुलदीप जैसे खिलाड़ी देश के साथ-साथ उत्तराखंड के लिए भी गर्व का विषय हैं।

इस अवसर पर क्रिकेट एसोसिएशन आफ उत्तराखंड की सचिव किरण वर्मा ने कुलदीप का स्वागत करते हुए उन्हें भगवान केदारनाथ धाम की प्रतिकृति और भगवान बदरीनाथ का प्रसाद भेंट किया।

कुलदीप ने उत्तराखंड की रणजी टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद टीम का रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल तक पहुंचना खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और संघर्ष का प्रमाण है।

मुलाकात के दौरान महिम वर्मा ने कहा कि कुलदीप का उत्तराखंड आकर विवाह का निमंत्रण देना पूरे क्रिकेट परिवार के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने इस अवसर पर समारोह में शामिल होने की उत्सुकता भी जताई।

इस मौके पर उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अजय पांडे, देहरादून जिला क्रिकेट एसोसिएशन के संयोजक पीसी वर्मा, एसोसिएशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित डोभाल, सुनील चौहान सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बचपन की दोस्त वंशिका से हो रही शादी
कुलदीप यादव की शादी उनकी बचपन की मित्र वंशिका चड्ढा से तय हुई है। दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश कानपुर के निवासी हैं और कुलदीप का घर जाजमऊ क्षेत्र में स्थित है।

दोनों की सगाई पिछले वर्ष चार जून को लखनऊ में एक निजी समारोह में हुई थी, जिसमें भारतीय टीम के बल्लेबाज रिंकू सिंह सहित करीबी मित्र और परिवारजन शामिल हुए थे।

मसूरी में होंगी विवाह की रस्में
विवाह से जुड़ी रस्में 13 और 14 मार्च को मसूरी के एक प्रतिष्ठित रिसार्ट में आयोजित की जाएंगी। 13 मार्च को हल्दी और मेहंदी की रस्में होंगी, जबकि 14 मार्च को वैवाहिक समारोह संपन्न होगा। इसके बाद 17 मार्च को लखनऊ में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा।

क्रिकेट जगत के बड़े सितारों के जुटने की संभावना
कुलदीप यादव के विवाह समारोह में भारतीय क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।

इनमें भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा, विस्फोटक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव और भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर प्रमुख रूप से शामिल हो सकते हैं।

इसके अलावा बीसीसीआई के कई पदाधिकारी, वर्तमान और पूर्व भारतीय क्रिकेटर तथा अन्य गणमान्य अतिथियों के भी समारोह में पहुंचने की उम्मीद है।

करीब 200 मेहमानों की मौजूदगी में होने जा रहा यह विवाह समारोह खेल जगत की चर्चित शादियों में शामिल माना जा रहा है।

टी20 विश्व कप की ऐतिहासिक जीत के बाद कुलदीप यादव के जीवन का यह निजी सुखद अवसर क्रिकेट प्रेमियों के लिए भी खास उत्सव का कारण बन गया है।