Uttarakhand News

Uttarakhand: 25 मई को खुलेंगे हेमकुंड साहिब के कपाट, पहले दिन के लिए 4800 रजिस्‍ट्रेशन

Uttarakhand News 24 May 2025: गोपेश्वर। हेमकुंड साहिब के कपाट 25 मई को खुलेंगे। पहले दिन के दर्शनों के लिए अब तक 4800 यात्रियों ने पंजीकरण कराया है। कपाट खुलने के उत्सव में भाग लेने के लिए 3500 से अधिक यात्री गोविंदघाट पहुंच चुके हैं।

शनिवार को यहां से साढ़े आठ बजे पंज प्यारों के नेतृत्व में तीर्थयात्री हेमकुंड साहिब के लिए रवाना होंगे। वे रात्रि विश्राम बेस कैंप घांघरिया में करेंगे। यात्रा के लिए अब तक 67377 तीर्थयात्रियों ने पंजीकरण कराया है।

हेमकुंड साहिब, लोकपाल तीर्थ, लोकपाल लक्ष्मण मंदिर को सात क्विंटल फूलों से सजाया गया है। हेमकुंड यात्रा के बेस कैंप घांघरिया और गोविंदघाट गुरुद्वारे भी जगमग हैं। गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब मैनजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि दिल्ली, पंजाब सहित देश के विभिन्न राज्यों से तीर्थयात्रियों के आने का क्रम जारी है।

उन्होंने कहा कि इस बार हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए पंजीकरण जरूरी है, लेकिन यात्री संख्या को निश्चित नहीं किया गया। गोविंदघाट, घांघरिया और हेमकुंड साहिब में लंगर सेवा शुरू हो गई है।

उन्होंने बताया कि गोविंदघाट से गढ़वाल स्काउट, पंजाब के हरिकिंदर सिंह, सतनाम सिंह के बैंडों की मधुर धुन पर पंज प्यारों के नेतृत्व में यात्री रविवार प्रात: साढ़े आठ बजे गोविंदघाट से हेमकुंड के लिए रवाना होंगे। उन्होंने बताया कि हेमकुंड साहिब में पहले दिन दर्शनों के लिए अब तक 4800 यात्रियों का पंजीकरण हुआ है। गोविंदघाट में 3200 यात्री पहुंच चुके हैं।

गोविंदघाट गुरुद्वारे के कार्यक्रम:
सुबह साढ़े सात बजे: अखंड पाठ
सुबह 7:50 बजे : सबद कीर्तन
आठ बजे : हेमकुंड यात्रा की पहली अरदास
साढ़े आठ बजे : पंज प्यारों के नेतृत्व में यात्रा शुरू

अब तक पंजीकरण:
कुल पंजीकरण 67377
आनलाइन 66154
आफलाइन 1223

Exit mobile version