Uttarakhand News, 19 April 2023: हल्द्वानी। कोरोना मरीजाें की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिले में सर्वाधिक रोगी मंगलवार को 33 मिले हैं। वहीं एक सुशीला तिवारी अस्पताल में सांस लेने में दिक्कत के चलते एक 45 दिन के कोरोना पॉजिटिव बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जनपद में 145 कोरोना सैंपल की जांच की गई। इस जांच में 33 रोगी मिले। इसमें दो डॉक्टर भी शामिल हैं। जिले में एक्टिव केस की संख्या 102 पहुंच गई है। वहीं, मेडिकल काॅलेज प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि एक बच्चे की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव थी, उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। इससे पूर्व करीब दो महीने पहले मरीज अस्पताल में भर्ती हुआ था। डॉ. जोशी ने बताया कि अस्पताल में कोरोना रोगियों को भर्ती करने के लिए सभी इंतजाम किए जा रहे हैं। इसके साथ ही गंभीर मरीजों की भर्ती के लिए सभी आवश्यक तैयारी की गई है।