Uttarakhand News, 11 February 2023: तुर्की में भीषण भूकंप के बाद से लापता एक भारतीय नागरिक शनिवार को उस होटल के मलबे में मृत पाए गए जहां वह ठहरा हुए थे. उत्तराखंड राज्य के पौड़ी जिले के रहने वाले और बेंगलुरु की एक कंपनी के लिए काम करने वाले विजय कुमार गौड़ एक आधिकारिक काम से तुर्की गए हुए थे. भारतीय दूतावास के मुताबिक विजय का चेहरा पहचानना मुश्किल था, क्योंकि उनका चेहरा पूरी तरह से कुचल गया था और उनके एक हाथ पर ‘ओम’ शब्द का टैटू था.
विजय पौड़ी जिले के कोटद्वार के पदमपुर इलाके के रहने वाले थे. तुर्की के उस होटल के मलबे में शुक्रवार को उनके कपड़े मिले थे. इसके बाद शनिवार को तुर्की में मौजूद भारतीय दूतावास ने ट्वीट किया, ‘हम दुख के साथ सूचित करते हैं कि 6 फरवरी के भूकंप के बाद से तुर्की में लापता हुए भारतीय नागरिक श्री विजय कुमार के शव के कुछ हिस्से मिल गए हैं. तुर्की के मलत्या में एक होटल के मलबे के बीच से उनका शव निकाला गया है. वहां वह एक बिजनेस ट्रिप पर गए हुए थे.’
विजय कुमार गौड़ की पत्नी और बेटे इतने दिनों से डरे हुए थे कि कहीं इस भूकंप की तबाही में विजय के साथ कुछ बुरा न हो. लेकिन सर्च ऑपरेशन के पांचवे दिन परिवार को वही खबर मिली जिसे कि वो नहीं सुनना चाह रहे थे. बता दें कि विजय के पार्थिव शरीर को पहले इस्तांबुल और फिर दिल्ली ले जाया जाएगा. भारतीय दूतावास के अधिकारियों के हवाले से पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि उनके पार्थिव शरीर को कोटद्वार पहुंचने में तीन दिन लग सकते हैं. तुर्की में मौजूद भारतीय दूतावास ने ट्विटर पर कहा, उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदना है. हम उनके पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द उनके परिवार तक पहुंचाने की व्यवस्था कर रहे हैं.
india/indian-man-vijay-dies-in-turkey-earthquake-face-crushed-by-debris-identified-by-om-tattoo-on-hand






