Uttarakhand News, 03 June 2023: Tourist Rush in Nainital सरोवर नगरी का समय सीजन उफान चढ़ना शुरू हो गया है। शनिवार को नौकायन के लिए बोट स्टैंड मल्लीताल में पर्यटकों की भीड़ उमड़ पड़ी। समीपवर्ती पर्यटन स्थल भीमताल सातताल नौकुचियाताल रामगढ़ मुक्तेश्वर व कैंची धाम में भी चहल पहल बढ़ गई है।

Tourist Rush in Nainital: सरोवर नगरी का समय सीजन उफान चढ़ना शुरू हो गया है। नगर के अधिकांश होटल, पार्किंग व गेस्ट हाउस पैक हो चले हैं। नैनी झील सैलानियों की नावों से पट गई है। शनिवार को नौकायन के लिए बोट स्टैंड मल्लीताल में पर्यटकों की भीड़ उमड़ पड़ी।

वहीं सैलानियों का सैलाब उमड़ने से नगर की रौनक में निखार आ गया है। एक दिन में करीब 20 हजार पर्यटकों के आने का अनुमान है। मैदानी भागों में ग्रीष्म कालीन अवकाश शुरू होने से सैलानी भारी संख्या में पहुंचने लगे हैं। आवासीय विद्यालयों में अवकाश के बाद पर्यटन ने और रफ्तार पकड़ी है।

नौका मालिक-चालक संघ के अध्यक्ष राम सिंह के अनुसार सीजन में नौकायन के लिए रोजाना औसतन करीब एक हजार टिकट कट रहे हैं। इसमें रोइंग बोट से झील के पूरे चक्कर का 420 रुपये जबकि आधा चक्कर 320 रुपये तथा पैडल बोट का पूरा चक्कर 420 रुपये प्रति घंटा व आधा चक्कर 320 रुपये प्रति घंटा तय है। नैनीताल में रोइंग नौकाएं 222 तथा पैडल नौकाएं 82 हैं।

नैनीताल में पीक पर पर्यटन सीजन, जाम से हर कोई परेशान:
इससे पहले शुक्रवार को सुबह से पर्यटकों की आमद शुरू हो गई तो पार्किंग स्थल फुल हो गए। सीओ सिटी विभा दीक्षित के अनुसार सुबह साढ़े दस बजे से ही रूसी बाइपास तथा नारायण नगर में पर्यटक वाहनों को रोका गया और शटल सेवा से पर्यटकों को नैनीताल भेजा गया।

सीओ के अनुसार रूसी बाइपास में ही पांच सौ के करीब पर्यटक वाहन पार्क किए गए हैं। रूसी बाइपास से खुर्पाताल बाइपास व नारायण नगर में करीब एक हजार वाहनों के पार्क होने का अनुमान है।

नगर के पर्यटन स्थल स्नोव्यू, हिमालय दर्शन, किलबरी, केव गार्डन, चिड़ियाघर, सरिताताल, वॉटर फॉल, बोटनिकल गार्डन व हनुमान गढ़ी समेत नगर के सभी पर्यटन स्थल में पूरे दिन सैलानियों की आवा जाही रही। मालरोड में चहल कदमी करने वाले सैलानियों की भीड़ रही।

नैनी झील में भी नौका विहार करने वाले सैलानियों को तांता लगा रहा। इधर नगर के समीपवर्ती पर्यटन स्थल भीमताल, सातताल, नौकुचियाताल, रामगढ़, मुक्तेश्वर व कैंची धाम में भी चहल पहल बढ़ गई है।

अधिकांश होटल व होम स्टे समेत गेस्ट हाउस पैक हो चले हैं। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के पीआरओ रुचिर साह ने होटल संचालकों से मिली जानकारी के हवाले से बताया कि होटलों में शाम तक 90 प्रतिशत से अधिक बुकिंग हो चुकी थी।