Uttarakhand News 28 November 2023: नशे के सौदागर अब स्मैक और गांजा की तस्करी के लिए युवतियों व महिलाओं को नशे का आदी बनाकर उन्हें कैरियर के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। इन पर पुलिस की नजर तो है लेकिन पकड़ में नहीं आ पा रहीं हैं। घूंघट की आड़ में नशा बेच रहीं युवतियां और महिलाएं नशे के धंधेबाजों की कठपुतली बनकर रह गई हैं।
गढ़वाल और कुमाऊं के प्रवेश द्वार रामनगर शहर में इन दिनों स्मैक, चरस, गांजा आदि का धंधा अपनी चरम पर है। नशे के आदी बन चुके लोग चोरी कर अपनी जरूरत को पूरा करते हुए पकड़े भी जाते हैं। रामनगर शहर की बात करें तो यहां पर करीब छह युवतियां और महिलाएं स्मैक की आदी हैं।
इनको पहले नशे का आदी बनाया और अब इन महिलाओं ने नशे की जरूरत को पूरा करने के लिए स्मैक, चरस, गांजा के सामान की तस्करी शुरू कर दी है। शहर में कई जगह लगे सीसीटीवी में नशे के ग्राहकों को ये नशे की सामग्री उपलब्ध कराती नजर आती भी हैं। इसके बाद भी पुलिस इनको नहीं पकड़ पाई है।
यहां हो रहा नशे का सामान सप्लाई:
नशे का सामान सप्लाई करने वाली महिलाएं/युवतियां अधिकतर चेहरे को चुनरी या दुपट्टे से ढक लेती हैं। नशा खरीदने वालों को घूंघट की आड़ में महिलाएं स्मैक, गांजा, चरस आदि की सप्लाई कर रही हैं।
शहर में इन जगहों पर होती है नशे की बिक्री:
- बंबाघेर
- मोतीमहल
- रोडवेज बस अड्डा
- लखनपुर
- भवानीगंज
- पोस्टमार्टम हाउस वाली सड़क
- खताड़ी
- उत्तरी खताड़ी
- पंपापुरी
- पूछड़ी
- शक्तिनगर
- शिवलालपुर चुंगी
बच्चों की गतिविधियों पर रखें नजर : मनोवैज्ञानिक:
मनोवैज्ञानिक युवराज पंत का कहना है कि बच्चों के व्यवहार में अचानक बदलाव आना, चिड़चिड़ापन, गुस्सा दिखाई देना, काफी समय घर से बाहर रहना, परिवार के लोगों से कम बात करना। आंखें झुकी रहना, शरीर से जलने जैसी बदबू आना, पैसे के लिए तरह तरह से डिमांड करता है तो उन पर ध्यान देने की जरूरत है। इसके लिए मनोरोग विशेषज्ञ से भी सलाह लेनी चाहिए।
नशा तस्करी में पकड़ी गईं महिलाएं:
कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि कच्ची शराब के साथ इसी साल उदयपुरी मझरा और रेलवे पड़ाव निवासी दो महिलाओं को पकड़ा था। स्मैक की तस्करी कर रहीं महिलाओं की तलाश कर उन्हें जल्द पकड़ लिया जाएगा।
रामनगर में करीब छह महिलाओं के स्मैक सप्लाई में लिप्त होने की सूचना है। पुलिस की टीम महिलाओं को तलाश में जुटी है। जल्द ही इनको गिरफ्तार कर नशे के सौदागरों को पकड़ा जाएगा।