Uttarakhand News 11 Jan 2024: Haridwar सिडकुल थाना क्षेत्र में पांच साल की मासूम के साथ दुष्कर्म के आरोपी किशोर को पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, रावली महदूद क्षेत्र में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के दो परिवार आसपास रहते हैं। बीते शुक्रवार देर शाम दोनों परिवारों के बच्चे खेल रहे थे। तभी 15 वर्षीय किशोर पांच साल की मासूम को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। जहां उससे दुष्कर्म किया। डरी-सहमी पहुंची मासूम की हालत बिगड़ने पर परिजनों को घटना का पता चला। पहले दोनों परिवारों में विवाद हुआ। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे। घटना के बाद किशोर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया था।

पुलिस टीम उसकी तलाश में दबिश दे रही थी। मंगलवार को आरोपी किशोर को उत्तर प्रदेश के गोंडा से गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि आरोपी किशोर को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है। जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।