Uttarakhand News, 24 November 2022: कांग्रेस के उत्तर प्रदेश मामलों की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में अपने पति और बेटे के साथ पहली बार शामिल हुईं. मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी ने खंडवा जिले के बोरगांव से पैदल चलना प्रारंभ किया. यात्रा में उनकी बहन प्रियंका गांधी अपने पति रॉबर्ट वाड्रा और बेटे रेहान के साथ पैदल मार्च करते दिखाई दी.
राहुल जब पदयात्रा पर निकलते हैं तो सड़क के दोनों ओर पुलिस कर्मी उनकी सुरक्षा के लिए रस्सियों का सुरक्षा घेरा बनाकर साथ चलते हैं. प्रियंका के यात्रा में शामिल होने के बाद कांग्रेस के उत्साहित कार्यकर्ता भाई-बहन के समर्थन में नारेबाजी करते हुए उनके करीब आने की बार-बार कोशिश करते दिखाई दिए. उन्हें सुरक्षित घेरे से दूर करने के लिए पुलिस कर्मियों को अतिरिक्त मशक्कत करनी पड़ी.सूर्योदय के बाद जब बोरगांव से यात्रा ने मध्य प्रदेश में अपने दूसरे दिन में प्रवेश किया तो पहले दिन के मुकाबले भीड़ कम नजर आई लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही इसमें लोगों और गाड़ियों का काफिला बढ़ता गया|
पति रॉबर्ट वाड्रा संग भारत जोड़ो यात्रा में पहुंचीं प्रियंका गांधी:
प्रियंका गांधी भारत जोड़ो यात्रा में पति रॉबर्ट वाड्रा के साथ पहुंचीं। मध्य प्रदेश के खंडवा में राहुल गांधी के साथ बहन प्रियंका और जीजा रॉबर्ट वाड्रा कमदताल करते नजर आए। इस दौरान प्रियंका और रॉबर्ट वाड्रा के पीछे उनका बेटा रेहान भी नजर आया। इस दौरान राहुल गांधी के चेहरे पर बहन प्रियंका का साथ मिलने की खुशी को साफ देखा जा सकता है।
कांग्रेस ने कहा- मजबूत होंगे कदम…!
कांग्रेस पार्टी ने प्रियंका गांधी के भारत जोड़ो यात्रा में पहुंचने पर ट्वीट कर कहा- मजबूत होंगे कदम, जब मिलकर चलेंगे हम। भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के कंधे से कंधा मिलाने पहुंची प्रियंका गांधी। बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा को शुरू हुए ढाई महीने से ज्यादा का समय बीत चुका है। ऐसे में प्रियंका गांधी के कांग्रेस के इस अभियान से न जुड़ने को लेकर कई सवाल उठाए जा रहे थे। विरोधियों ने तो यहां तक कह दिया था कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी में अनबन चल रही है। हालांकि, अब विरोधियों को प्रियंका ने पति और बेटे के साथ पहुंचकर जवाब दे दिया है।
भारत जोड़ो यात्रा का आज 78वां दिन:
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा इन दिनों भाजपा शासित मध्य प्रदेश से होकर गुजर रही है। 3,570 किलोमीटर का पैदल मार्च राज्य में आज बोरगोन गांव से शुरू हो गया, जहां राहुल गांधी को बहन प्रियंका गांधी का साथ भी मिला। भारत जोड़ो यात्रा का यह 78वां दिन है। यह अगले 10 दिनों में राज्य के 7 जिलों से होकर गुजरेगी।