Uttarakhand News 24 April 2025: कांगड़ी से लेकर सजनपुर तक के पांच गांव के ग्रामीणों को अब वर्षा के दौरान बाढ़ की विभीषिका का दंश नहीं झेलना पड़ेगा। सिंचाई विभाग के प्रस्ताव पर शासन ने कांगड़ी से लेकर सजनपुर, बाहर पीली तक करीब सात किलोमीटर लंबा बंधा बनाने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। अब बजट के बाद बंधा और स्पर निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा।
2013 में आई आपदा के बाद से ही कांगड़ी गांव पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा था। जबरदस्त जल प्रलय के बाद गंगा का पानी गांव के मुहाने पर पहुंच गया था। पूर्व में बाढ़ के पानी को गांव की ओर जाने से रोकने के लिए बने वायर क्रेट भी ध्वस्त हो चुके थे। तब से लेकर अब तक गांव के ग्रामीण प्रत्येक वर्षाकाल में भयभीत हो जाते हैं।
हालांकि सिंचाई विभाग की ओर से वर्षाकाल के समय स्पर बनाए जाते हैं, लेकिन जलस्तर काफी ज्यादा होने के कारण स्पर पानी की तेज धारा में बह जाते हैं। दो वर्ष पूर्व भी कांगड़ी में पुस्ता बहने से बाढ़ का पानी गांव की ओर रुख कर गया था, जिसमें कई परिवारों को एहतियात के तौर पर अन्यत्र शिफ्ट कर दिया गया था। तब से लेकर ग्रामीण बाढ़ से सुरक्षा के ठोस उपाय करने की मांग कर रहे थे।
कांगड़ी से लेकर सजनपुर तक बनेगा बंधा
ग्रामीणों की मांग अब पूरी होती नजर आ रही है। कांगड़ी से लेकर सजनपुर बाहर पीली तक के गांव गंगा से सटे हैं, जिनको बचाने के लिए अब बंधा के साथ ही स्पर का निर्माण किया जाएगा। सिंचाई विभाग के अधिशासी ॉ
अभियंता ओम गुप्ता ने बताया कि विभाग ने कांगड़ी, गाजीवाली, श्यामपुर, सजनपुर और बाहर पीली तक बंधा निर्माण का प्रस्ताव भेजा था। करीब 96 लाख की लागत से साढ़े सात किलोमीटर लंबा बंधा बनाया जाएगा, जिससे इन गांव के ग्रामीणों को वर्षा में बाढ़ के खतरे से राहत मिल जाएगी।
सदियों से यहां बाढ़ का दंश झेल रहे हैं। कई बार तो वर्षाकाल में रातों की नींद उड़ जाती थी। रात छत में गुजारने को मजबूर होना पड़ता था। अब बंधा बन जाने से उन सबकी आनी वाली पीढ़ी खतरे से मुक्त हो पाएगी।
- राघवा नंद शर्मा, ग्रामीण गाजीवाली
जब से होश संभाला है, तब से वर्षा में किस दिन कोई अनहोनी हो जाए, इसका खतरा सताता रहता था। कई बार आलाधिकारियों से पत्राचार कर यहां बाढ़ सुरक्षा के कोई ठोस उपाय करने की मांग की गई थी। लेकिन इस गंभीर समस्या की ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया। अब बंधा के बन जाने से क्षेत्रवासियों को काफी राहत महसूस होगी।