Uttarakhand News 22 July 2025: जागेश्वर धाम से लौट रहे यूपी के श्रद्धालुओं का वाहन रविवार देर रात हल्द्वानी-चोरगलिया हाईवे पर शेर नाला पार करने के दौरान पलट गया। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने रस्सी की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया और वाहन के शीशे तोड़कर सभी लोगों को सकुशल निकाल लिया। पीलीभीत (यूपी) के श्रद्धालु रविवार रात करीब 12 बजे जागेश्वर धाम से दर्शन कर फॉर्च्यूनर कार से घर लौट रहे थे। तेज बारिश के कारण हाईवे पर पड़ने वाले शेरनाले पर पानी का तेज बहाव था लेकिन घर जाने की जल्दी में चालक ने नाले पर वाहन डाल दिया। पानी के तेज बहाव में वाहन पलटकर बहने लगा। इस बीच थोड़ा जाकर वाहन पत्थर से अटक गया। घटना से वाहन में मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई।
मौके पर इन दिनों पुल का निर्माण चल रहा है। वहां मौजूद मजदूरों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पर चोरगलिया थानाध्यक्ष राजेश जोशी टीम और ग्रामीणों के साथ रेस्क्यू के लिए 15 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने रस्सी व अन्य बचाव उपकरण के सहारे रेस्क्यू शुरू किया। लाइफ जैकेट पहने पुलिसकर्मी दस मीटर दूर वाहन तक पहुंचे। पुलिस ने कार के शीशे तोड़कर एक-एक कर सभी यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद फिर रस्सी की मदद से अमन कश्यप निवासी नलवटी चौराहा पीलीभीत, चालक राहुल कश्यप जहानाबाद, टीटू दिवाकर निवासी नलवटी चौराहा, मनीष लोधी सुनगढ़ी, रमेश चंद्र, चंद्र सेन, अंकित कटियार, करन लोधी और रोहित कश्यप निवासी सुनगढ़ी, अभिमन्यु जहानाबाद जनपद पीलीभीत उत्तर प्रदेश को रेस्क्यू किया गया।
पानी के बहाव का अंदाजा नहीं था : राहुल
सवार यात्रियों में चालक राहुल कश्यप कश्यप ने बताया कि वह वह जागेश्वर धाम से दर्शन कर लौट रहे थे। वह चोरगलिया के जंगल क्षेत्र में पहुंचे। नाला पर पानी का बहाव हल्का था। ऐसे में वाहन नीचे उतार दिया। अचानक से पानी का बहाव तेज हो गया। इसका अनुमान भी किसी को नहीं था। वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। कुछ देर बाद पहुंची पुलिस की मदद से हमारी जान बच सकी।
मौसम विभाग ने भारी बारिश की आशंका जताई थी। ऐसे में पुलिस टीम को सतर्क कर दिया गया था। शेर नाला में वाहन के फंसने की जानकारी मिलते ही पुलिस पहुंच गई। वाहन सवारों से सामंजस्य बैठाकर टीम ने अच्छा काम किया और फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला। लोगों को इस मौसम में नदी-नालों से दूर रहना चाहिए। देर रात में अनावश्यक यात्रा से भी बचें।