Uttarakhand News 8 August 2025: उत्तरकाशी के धराली में आई भीषण आपदा का असर नैनीताल के पर्यटन कारोबार पर भी दिखने लगा है। आपदा पर नेशनल मीडिया की सीधी नजर होने के साथ ही इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो व संदेशों ने पर्यटकों के कदम रोक दिए हैं। जिसके चलते स्वतंत्रता दिवस पर तीन दिनी वीकेंड को लेकर की गई एडवांस बुकिंग में करीब 50 प्रतिशत बुकिंग रद हो चुकी है।

मालरोड व बाजारों में पसरा सन्नाटा, रेस्टोरेंट व होटल खाली होने से कारोबारी खासा निराश हैं। आगामी दिनों में मौसम में सुधार नहीं हुआ व हालात नहीं बदले तो शहर के पर्यटन कारोबार को बड़ी चोट पहुंचना तय है।

शहर का पर्यटन कारोबार धीमा
बता दें कि जुलाई मध्य के बाद शहर का पर्यटन कारोबार धीमा हो गया था। कारोबारियों को उम्मीद थी कि स्वतंत्रता दिवस पर तीन दिनी वीकेंड के बाद पर्यटन कारोबार जोर पकड़ने लगेगा। होटलों में खास तैयारियां थीं तो अगस्त शुरुआत में ही एडवांस बुकिंग भी मिलने लगी थी।

मगर बीते दिनों उत्तरकाशी के धराली में आई भीषण आपदा से पर्यटन कारोबार को भी बड़ा झटका लगा है। आपदा के बाद अचानक से पर्यटकों की आमद बेहद गिर गई। आलम यह है कि रविवार वीकेंड पर पर्यटकों की आमद कम होने से मालरोड समेत अन्य बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। होटल व रेस्टोरेंट खाली रहे तो नैनी झील नौकायन करने वाले पर्यटकों की राह ताकती रही। जिसके चलते कारोबारियों ने होटलों के रेट भी कम कर दिए हैं, बावजूद पर्यटक नैनीताल की ओर रुख नहीं कर रहे।