Uttarakhand News 24 Nov 2025 टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के टिहरी जिले में नरेंद्रनगर स्थित कुंजापुरी मंदिर के समीप सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गुजरात से कुंजापुरी मंदिर दर्शन के लिए आ रहे श्रद्धालुओं से भरी बस अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस में करीब 28 यात्री सवार बताए जा रहे थे। इस हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों ने भी तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। क्षतिग्रस्त बस से यात्रियों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

राहत-बचाव कार्य जारी

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि दुर्घटना में पांच श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए ऋषिकेश रेफर किया गया है।

प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पहाड़ी मोड़ पर तेज रफ्तार और ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

यात्रियों में मचा कोहराम

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई यात्री सदमे में हैं और रो-रोकर अपनों को ढूंढते नजर आए। प्रशासन मृतकों की पहचान कराने और परिजनों को सूचित करने में जुटा हुआ है।