Uttarakhand News 02 Feb 2026: हरिद्वार: कंकरखाता गांव से पांच दिन पूर्व लापता मजदूर की हत्या कर शव गन्ने के खेत में फेंक दिया गया। स्वजनों ने घटना वाले दिन युवक के साथ मौजूद गांव के ही कुछ युवकों पर उसकी हत्या का संदेह जताया। इसके बाद पुलिस ने कई लोगों से पूछताछ की। युवक का शव मोहम्मदपुर कुन्हारी के जंगल से बरामद हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कोतवाली क्षेत्र के कंकरखाता गांव निवासी सन्नी कुमार (20) मजदूरी करता था। 27 जनवरी को वह गांव के ही अपने कुछ परिचित युवकों के साथ घर से निकला था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा।
सभी संभावित स्थानों पर तलाश करने के बाद उसका कुछ पता न चलने पर स्वजन ने 30 जनवरी को लक्सर कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस लापता युवक की तलाश कर रही थी। स्वजन के संदेह जताने पर पुलिस ने सन्नी के लापता होने के दिन उसके साथ देखे गए युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
इसके बाद रविवार शाम सन्नी का शव मोहम्मदपुर कुन्हारी गांव के जंगल में एक गन्ने के खेत से बरामद किया।
जानकारी मिलने पर एसपी देहात शेखर चंद सुयाल मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज होने के बाद से सन्नी की तलाश की जा रही थी। रविवार शाम उसका शव एक गन्ने के खेत से बरामद किया गया है।
मामले मे कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ की जांच की जा रही है। वहीं, सन्नी का शव मिलने के बाद स्वजन में कोहराम मच गया। सन्नी के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। उसके परिवार में मां और दो भाई व पांच बहनें हैं।










