Uttarakhand News 03 Feb 2026: शराब का नशा सिर चढ़ा तो रोहित जरा सी बात पर अपने ही दोस्त का कातिल बन बैठा। जिस दोस्त ने दोस्ती के नाम पर उसे मोबाइल फोन खरीदवाने के लिए पैसे और अपना पहचानपत्र दिया उसी दोस्त का गला दबाते आरोपी के हाथ जरा नहीं कांपे।
इतना ही नहीं हत्या के बाद आरोपी मृतक सन्नी की तलाश में उसके परिजनों के साथ रहकर परिजनों और ग्रामीणों को भी धोखा देता रहा। उसका गुनाह छिप नहीं सका। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है।
कंकरखाता गांव निवासी सन्नी की हत्या उसी के साथी रोहित उर्फ बालू ने गला दबाकर की थी। नशे की हालत में किस्तों पर खरीदे गए मोबाइल फोन पर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। रोहित ने हत्या करने के बाद शव को गन्ने के खेत में छिपा दिया था। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
संदेह के आधार पर पुलिस ने उसके साथी युवकों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी रोहित उर्फ बालू निवासी कंकरखाता ने सन्नी की गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कुन्हारी गांव के पास गन्ने के खेत में छिपाया गया सन्नी का शव बरामद कर लिया।
सन्नी की मदद से मोबाइल फोन खरीदा
इंस्पेक्टर राजीव रौथाण ने बताया कि पुलिस की पूछताछ में आरोपी रोहित ने बताया कि 27 जनवरी को वह और सन्नी एक अन्य युवक के साथ सुल्तानपुर गए थे। वहां सन्नी की मदद से उसने मोबाइल फोन खरीदा। इसके बाद उन्होंने कुछ अन्य युवकों के साथ बैठकर शराब पी।कुछ देर के बाद वह व सन्नी दोनों और शराब खरीदने के लिए कुन्हारी स्थित दुकान पर आए थे। यहां नशे में मोबाइल फोन को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर उसने सन्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और उसके शव को गन्ने के खेत में छिपाकर वहां से भाग निकला। गुमशुदगी के मामले को हत्या की धाराओं में तरमीम कर गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार सन्नी और आरोपी रोहित उर्फ बालू हमउम्र होने के साथ ही गहरे दोस्त थे। दोनों साथ में मजदूरी और दूसरे छोटे मोटे काम करते रहे थे। वह अक्सर अन्य दोस्तों के साथ बैठकर शराब आदि का भी सेवन करते थे। रोहित को मोबाइल फोन खरीदना था। दोस्ती के नाते सन्नी ने उसकी मदद की।
सन्नी ने अपने नाम पर किस्तों पर मोबाइल फोन खरीद कर रोहित को देने के साथ ही डाउन पेमेंट में भी पैसे देकर उसकी मदद की लेकिन उस समय सन्नी को जरा भी अंदेशा नहीं था कि यही मदद उसकी मौत का कारण बन जाएगी।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब पीने के दौरान नशे में उसने रोहित को मोबाइल दिलाने और पैसों के लिए टिप्पणी की थी। आरोप है कि नशे की हालत में रोहित को यह नागवार गुजरा और उसने सन्नी के साथ ही दोस्ती और भरोसे का भी कत्ल कर दिया।
पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
मामला 1 : 16 अक्तूबर को कोतवाली क्षेत्र में टांडा महतौली गांव निवासी युवक का शव तालाब से मिला था। आरोप है कि साथ बैठकर शराब पीने के दौरान कहासुनी होने पर उसके ही साथियों ने उसकी हत्या की। मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी हुई।
मामला 2 : 9 अगस्त को भिक्कमपुर गांव में राजेश की डंडे से वार कर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि गांव निवासी उसके साथी ने ही साथ बैठकर शराब पीने के दौरान कहासुनी पर डंडे से पीटकर उसकी हत्या कर दी थी। आरोपी गिरफ्तार हुआ।
मामला 3 : वर्ष 2024 में साथ बैठकर शराब पीने के दौरान हुए विवाद में तीन रुड़की तिराहे पर सेठपुर गांव निवासी युवक मनीष पर उसके साथियों ने ही गोली चला दी थी। इसके एक साल बाद 15 नवंबर को आरोपियों ने नगर के बालावाली तिराहे पर दोबारा उसे दो गोलियां मार दी थी।










