Uttarakhand News 04 Feb 2026: देहरादून। विद्यालयी शिक्षा विभाग के विभिन्न कार्यालयों एवं विद्यालयों में लंबे समय से रिक्त पड़े 2364 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पदों पर भर्ती शुरू कर दी गई है।

इसके लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से कौशल विकास विभाग के रोजगार प्रयाग पोर्टल पर आनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 5 मार्च, 2026 निर्धारित की गई है। चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों की भर्ती में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

विद्यालयी शिक्षा मंत्री डा धन सिंह रावत ने बताया कि चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों की तैनाती आउटससोर्स के माध्यम से की जाएगी। रोजगार प्रयाग पोर्टल पर चतुर्थ श्रेणी की जनदवार रिक्तयां जारी की गई हैं।

उत्तरकाशी जिले में 135, रुद्रप्रयाग में 106, टिहरी में 268, ऊधमसिंह नगर में 182, पिथौरागढ़ में 197, पौड़ी में 340, बागेश्वर में 89 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

इसके अतिरिक्त अल्मोड़ा जिले में 254, चमोली में 179, चंपावत में 120, देहरादून में 195, हरिद्वार में 91 तथा नैनीताल में 208 पदों पर भर्ती की जाएगी। आउटसोर्स से तैनात कार्मिकों को प्रत्येक माह 15 हजार रुपये मानदेय मिलेगा।