Uttarakhand News 07 Feb 2026: कांग्रेस की युवा नेता माही जेटली पर एक कैफे में युवकों द्वारा भारी वस्तु से हमला करने का मामला सामन आया है। उनके सिर पर कई टांके आए हैं। घटना चंद्रबनी क्षेत्र के एक कैफे में हुई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पटेलनगर थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
माही जेटली के भाई मदन जोशी ने पटेलनगर थाने में शिकायत देकर बताया कि बृहस्पतिवार को उसकी बहन जन्मदिन की पार्टी के बाद दोस्तों के साथ कैफे गई थी। इस दौरान वहां कुछ युवकों का आपस में विवाद हो गया। मारपीट के बीच युवकों ने धारदार हथियार निकाल लिए और आपस में लड़ने लगे।
इसी दौरान एक वार माही के सिर पर भी कर दिया। इससे माही लहूलुहान हो गई और कैफे में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना परिवार वालों को मिली तो वह आनन-फानन में कैफे पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
घायल माही को तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसके सिर पर आठ टांके लगाए। पुलिस को दी गई शिकायत में मदन ने आयुष राणा, सूरज राणा और हिमांशु पर मारपीट और हमले के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।










