Uttarakhand News 09 Feb 2026: हल्द्वानी। आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों के नाम पर चरस की तस्करी का मामला सामने आया है।

टीपी नगर चौकी पुलिस व एएनटीएफ टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मंडी बायपास रोड पर एक युवक को चरस के साथ गिरफ्तार किया है। 23 वर्षीय युवक के पास से 846 ग्राम चरस बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार रविवार की रात को टीपी नगर चौकी प्रभारी एसआई मनोज कुमार टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान फायर स्टेशन के पास एएनटीएफ कर्मियों ने मंडी बायपास रोड पर नशा करने वालों की शिकायतें मिलने की जानकारी दी।

चेकिंग के दौरान एक युवक पीठ पर बैग और हाथ में प्लास्टिक का कट्टा लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर युवक घबरा गया और तेजी से आगे बढ़ने लगा।

शक होने पर पुलिस ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया।तलाशी लेने पर बैग में कपड़े और आयुर्वेदिक सामान मिला, जबकि कट्टे के अंदर कपड़े के थैले में चरस मिली।

आरोपित ने अपना नाम 23 वर्षीय रविंद्र सिंह निवासी दानीबंगर गौलापार बताया। पूछताछ में उसने पैसों के लालच में चरस बेचने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।