Uttarakhand News 11 Feb 2026: मसूरी। आइटीबीपी की पिथौरागढ़ यूनिट से मसूरी स्थित आइटीबीपी अकादमी में ट्रांसफर होकर आए एक जवान ने फांसी लगा ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए उप जिला सिविल अस्पताल भिजवा दिया है।

कोतवाली मसूरी से मिली जानकारी के अनुसार, आइटीबीपी अकादमी में पिथौरागढ़ यूनिट 14 से ट्रांसफर होकर आए कांस्टेबल चैतराम मीणा (38 वर्ष) ने आत्महत्या कर ली।

पुलिस के मुताबिक चैतराम मीणा पुत्र राम फल मीणा मूल रूप से ग्राम भौबता, जिला दौसा, राजस्थान के रहने वाले थे।

चैतराम मीणा ने कमरे की खिड़की के कुंडे से नाइलोन की रस्सी से फंदा लगाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की।

शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मसूरी भेजा है।
आइटीबीपी अधिकारियों ने बताया कि चैतराम मीणा लगभग दो माह पूर्व ही पिथौरागढ़ से मसूरी ट्रांसफर होकर आए थे। चैतराम मीणा ने जुलाई 2025 में पिथौरागढ़ में भी आत्महत्या का प्रयास किया था।