Uttarakhand News 17 Feb 2026: नैनीताल जिले के बेतालघाट के मिनी स्टेडियम में सोमवार को समाजसेवी शीलू कुमार की ओर से आयोजित जन सम्मेलन में देर शाम कंबल वितरण के दौरान दीवार पर चढ़े ग्रामीणों के भार से दीवार टूट गई। हादसे में तीन महिलाएं और तीन पुरुष घायल हो गए। चार लोगों को चोटें अधिक आने पर सीएचसी से हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर किया गया है।
सीएचसी के कार्यवाहक प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. योगेश कुमार ने बताया घायल कांति देवी (65) पत्नी भुवन सिंह, रेखा देवी (43) पत्नी आनंद सिंह निवासी तल्ली सेठी, बचुली देवी (58) पत्नी दीवान सिंह निवासी रोपा, भोपाल अधिकारी (17) पुत्र टीका सिंह निवासी रातीघाट, मोहन कुमार (37) पुत्र लेखराज निवासी बेतालघाट और रेवाधर (38) भोलादत्त निवासी रोपा बेतालघाट घायल हो गए थे। कांति देवी, रेखा देवी, बचुली देवी और भोपाल अधिकारी को चोट अधिक लगने के चलते हल्द्वानी रेफर किया गया है। बेतालघाट थानाध्यक्ष विजय नेगी ने बताया कि हादसा कंबल लेने के दौरान दीवार गिरने से हुआ था। हादसे के घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सीएचसी पहुंचाया गया।










