Uttarakhand News 18 Feb 2026: देहरादून। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने 444 मेगावाट क्षमता की विष्णुगाड‑पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना में 3.1 किलोमीटर लंबी टेल रेस टनल को ब्रेकथ्रू कर लिया। यह रन आफ-द-रिवर परियोजना चमोली जिले में विकसित की जा रही है।
इस उपलब्धि पर टीम को बधाई देते हुए टीएचडीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सिपन कुमार गर्ग ने कहा कि यह सफलता संगठन की तकनीकी दक्षता, कठिन परिस्थितियों में कार्य क्षमता और सतत जलविद्युत विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण पहाड़ी भू-भाग में परियोजना की यह उपलब्धि कंपनी की मजबूत इंजीनियरिंग क्षमता को दर्शाती है। परियोजना के पूर्ण होने पर 444 मेगावाट स्वच्छ एवं विश्वसनीय नवीकरणीय ऊर्जा उपलब्ध होगी, जो भारत के दीर्घकालिक स्वच्छ ऊर्जा एवं जलवायु लक्ष्यों को मजबूती देगी।
9.2 मीटर व्यास वाली टेल रेस टनल परियोजना का महत्वपूर्ण भूमिगत घटक है, जो विद्युत उत्पादन के बाद पानी को पावरहाउस से पुनः नदी में प्रवाहित करेगी।
कुल 3.1 किमी लंबाई में से 1 किमी हिस्से में ओवर-लाइनिंग कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है, जो अंतिम कमीशनिंग की दिशा में निरंतर प्रगति को दर्शाता है।










