Uttarakhand News 18 Feb 2026: हल्द्वानी। महानगरों की तरह हल्द्वानी को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए 72 करोड़ की लागत से एआइ आधारित इंटिग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लगाया जाना है। इसके टेंडर में शासन से तकनीकी बिड की स्वीकृति मिल चुकी है। लेकिन फाइनेंशियल बिड की स्वीकृति नहीं मिलने से हल्द्वानी की सड़कों में हर दिन जाम की समस्या पैदा हो जाती है। इसके चलते कुमाऊं के प्रवेश द्वार में पर्यटकों से लेकर स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ती है।

एशियन डेवलेपमेंट बैंक की ओर से हल्द्वानी में इंटिग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आइटीएमएस) लगाया जाना है। सरकार का दावा है कि इसके लगने से हल्द्वानी में काफी हद तक ट्रैफिक मैनेज हो सकता है। हल्द्वानी के 13 चौराहे व तिराहों पर 1.20 करोड़ से लगी ट्रैफिक लाइट धूल फांक रही है। आइटीएमएस के स्थापित होने पर इन ट्रैफिक लाइटों को भी शुरू कर दिया जाएगा। इसमें एडेप्टिव कंट्रोल सिस्टम से ट्रैफिक सिग्नल स्वत ट्रैफिक के घनत्व के अनुसार नियंत्रित होंगे।

रेड लाइट वायलेशन डिटेक्शन कैमरे से ट्रैफिक सिग्नल तोड़ने वाले वाहनों की पहचान हो सकेगी। एएनपीआर कैमरे से नियम तोड़ने वालों व संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखकर ई-चालान किए जाएंगे। स्पीड डिटेक्शन रडार सिस्टम से ओवर स्पीडिंग वाहनों की पहचान की जाएगी। वहीं वेरीएबल मैसेज साइन बोर्ड से ट्रैफिक, मौसम व सड़क की स्थिति की रियल टाइम जानकारी राहगीरों को मिलेगी। वहीं शहर भर में 225 सीसीटीवी सर्विलांस कैमरे लगाए जाएंगे। वहीं पैसेंजर इंफार्मेशन सिस्टम से यात्रियों को परिवहन संबंधी सूचनाएं सटीक और समय से मिल सकेंगी। इन सबको मानिटर करने के लिए हाईटेक कंट्रोल रूम की भी स्थापना की जाएगी।

इंटिग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम में यह डिवाइस भी लगेंगे
डिवाइस – संख्या
रेड लाइट वायलेशन डिटेक्शन कैमरा – 91
एएनपीआर कैमरा – 91
रडार सिस्टम फार स्पीड डिटेक्शन – 10
पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम (आइपी स्पीकर) – 52
वैरिएबल मैसेज साइन बोर्ड – 50
इमरजेंसी पैनिक बटन – 25
पैदल यात्री बटन – 174
काउंटडाउन टाइमर – 174
मौसम पूर्वानुमान बोर्ड – 03
पैसेंजर इंफार्मेशन सिस्टम(बस स्टाप) – 50
पैसेंजर इंफार्मेशन सिस्टम(बस) – 50

यहां चलेंगी ट्रैफिक लाइटें
बरेली रोड पर हल्द्वानी बाईपास, तीनपान, मंडी गेट व बाईपास, गांधी स्कूल, मंगलपड़ाव, सिंधी चौराहा, कालूसिद्ध मंदिर, स्टेडियम रोड, कोतवाली तिराहा, बरसाती नाला जंक्शन, तिकोनिया, हाइडिल गेट, कालटैक्स, नरीमन चौराहा, कालाढूंगी रोड पर अर्बन बैंक जंक्शन, जेल रोड चौराहा, नवाबी रोड, मुखानी, पीलीकोठी तिराहा, लालडांठ, सेंट्रल अस्पताल के पास, कुसुमखेड़ा, ऊंचापुल आदि में लगेंगी।

हल्द्वानी सिटी में जल्द ही आइटीएमएस शुरू हो जाएगा। इसके बाद शहर में एआइ आधारित ट्रैफिक मैनेजमेंट शुरू हो जाएगा। जिससे काफी हद तक अव्यवस्थित ट्रैफिक नियंत्रण हो सकेगा।महानगरों की तरह यहां पर भी ट्रैफिक नियंत्रित हो सकेगा। – जगदीश चंद्र, एसपी ट्रैफिक।

हल्द्वानी में आइटीएमएस की स्थापना को लेकर टेंडर प्रक्रिया गतिमान है। शासन से तकनीकी बिड खुल चुकी है, अब फाइनेंशियल बिड की स्वीकृति के लिए शासन से वित्तीय स्वीकृति का इंतजार किया जा रहा है। टेंडर पूरा होने के बाद इसमें कार्य शुरू कर दिया जाएगा।