Uttarakhand News 23 Feb 2026: हल्द्वानी: शहर में विकास कार्यों के नाम पर खोदी गई सड़कें अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी हैं. रविवार दोपहर पनचक्की रोड स्थित अंबिका विहार के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 70 वर्षीय सुरेश चंद्र पांडे की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला. लोगों ने निर्माण एजेंसी की लापरवाही पर सवाल खड़े किए.

हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र के पंचक्की क्षेत्र में एक ट्रक की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई. घटना के बाद लोगों का आक्रोश देखने को मिला. पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही ट्रक को कब्जे में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. जानकारी के मुताबिक सुरेश चंद्र पांडे रानीबाग से एक अंत्येष्टि में शामिल होकर स्कूटी से अपने घर शांति नगर लौट रहे थे. पनचक्की रोड पर सीवर लाइन बिछाने के लिए कई स्थानों पर गहरे गड्ढे खोदे गए हैं. सड़क का बड़ा हिस्सा खुदा होने के कारण मार्ग संकरा हो गया है. यातायात बाधित हो रहा है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब सुरेश पांडे ने सामने से आ रहे एक ट्रक को पास देने की कोशिश की, तभी उनकी स्कूटी गड्ढे के कारण असंतुलित हो गई. वह सीधे ट्रक से टकरा गए. टक्कर इतनी भीषण थी कि हेलमेट पहनने के बावजूद उनके सिर में गंभीर चोट आई. उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष फैल गया. लोगों का कहना है कि सीवर लाइन परियोजना के तहत दो महीनों से जगह-जगह सड़कें खोदकर छोड़ दी गई हैं.
स्थानीय पार्षद मुकुल बल्यूटिया ने विभाग को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई. उन्होंने कहा लापरवाही का खामियाजा अब लोगों को अपनी जान देकर भुगतना पड़ रहा है. क्षेत्रीय विधायक सुमित हृदयेश भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल से ही प्रोजेक्ट मैनेजर को फोन कर कड़ी नाराजगी जताई. विधायक ने कहा कि पूरे शहर में सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया है. जिससे दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. आम जनता की जान जोखिम में है.
सीओ सीटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है. ट्रक को कब्जे में लेते हुए मामले की जांच की जा रही है. हादसे के बाद पंचक्की चौराहे से दोनहरिया तिराहा तक सड़क को वन वे किया गया है.










