Uttarakhand News 26 Feb 2026: हल्द्वानी के पीपलपोखरा गांव की गंगा देवी को निवाला बनाने के 13 दिन बाद बाघ ने पनियाली की कमला को मारकर उसका आधा शरीर खा लिया। शाम को शव गांव लाया गया तो आक्रोशित ग्रामीण वन विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। देर शाम सात बजे तक कोई अफसर नहीं पहुंचा तो ग्रामीणों का खून खौल गया। उन्होंने कठघरिया मुख्य मार्ग स्थित वन चौकी में शव रखकर जाम लगा दिया। बाद में पुलिस के साथ पहुंचे अधिकारियों ने लोगों से वार्ता कर बाघ को आदमखोर घोषित कर जल्द पकड़ने के आश्वासन दिया।

सुबह आठ बजे जंगल गईं कमला देवी के देर शाम तक नहीं लौटने पर ग्रामीणों को चिंता हुई। तलाश करने पर जंगल में उनका क्षत- विक्षत शव मिला। शव घर लाया गया तो सैकड़ों ग्रामीण जुट गए। जिला पंचायत सदस्य छवि कांडपाल, दायित्वधारी शंकर कोरंगा के अलावा पूर्व प्रधान मनीष आर्या, प्रमोद बोरा, नवीन भट्ट, प्रमोद तोलिया के साथ ही तमाम लोगों ने वन विभाग के खिलाफ आक्रोश जताया। काफी देर तक जब कोई अधिकारी नहीं पहुंचा तो लोग शव लेकर कठघरिया चौराहे पर पहुंचे और वहां स्थित वन विभाग की चौकी में महिला का पार्थिव शरीर रखकर जाम लगा दिया। लोगों ने वन विभाग के गेट को तोड़ने का भी प्रयास किया। मामला बढ़ता देख मौके पर एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल के अलावा मुखानी थाना पुलिस व वन विभाग की टीम भी पहुंची। डीएफओ ध्रुव सिंह मर्तोलिया और एसपी सिटी के साथ ग्रामीणों की वार्ता हुई।

अधिकारियों ने बाघ पकड़ने के लिए जल्द से जल्द प्रक्रिया शुरू करने, आदमखोर घोषित करने, पिंजरा लगाने, कैमरा ट्रैप, कमला देवी के परिजनों को आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया। वार्ता के बाद रात करीब आठ बजे ग्रामीण माने और शव मोर्चरी भेजा गया।