Uttarakhand News 03 Mar 2026: काठगोदाम क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास गलत दिशा से आ रही रोडवेज बस ने स्कूटी सवार दो पर्यटकों को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
उत्तर प्रदेश गोंडा जिले के दोनों पर्यटकों ने स्कूटी किराये पर ली थी और यहां से वह कैंची धाम को घूमने जा रहे थे।
दोनों घायलों को नैनीताल रोड पर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, काठगोदाम डिपो की बस गलत दिशा से नैनीताल रोड पर जा रही थी।
इस दौरान रोडवेज बस चालक ने काठगोदाम से रानीबाग की तरफ जा रहे स्कूटी सवार गोंडा जिले के निवासी अंकित कुमार व रमेश गुप्ता दोनों युवकों को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस दोनों युवकों को रौंदते हुए डिवाइडर तक घसीट ले गई। इससे स्कूटी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक बस व डिवाइडर के बीच बुरी तरह फंस गए।
हादसे के बाद मौके नैनीताल रोड से गुजर रहे राहगीरों व पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को डिवाइडर और बस के बीच से बाहर निकाला।
दरअसल, दोनों पर्यटकों ने टैक्सी स्कूटी किराये पर ली थी और पहली बार कैंची धाम के दर्शन करने के लिए जा रहे थे।
वहीं, पुलिस ने रोडवेज बस चालक को हिरासत में ले लिया है। स्कूटी चलाने वाले अंकित को कम चोट लगी है। जबकि टक्कर लगने से स्कूटी के पीछे बैठे रमेश गुप्ता को ज्यादा चोटें आईं हैं दोनों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पूछताछ में बस चालक ने बताया ब्रेक हो गए थे फेल
काठगोदाम थानाध्यक्ष विमल मिश्रा ने बताया कि टक्कर मारने वाले रोडवेज चालक को पुलिस ने पकड़ लिया। चालक ने पूछताछ में बताया कि बस के ब्रेक फेल हो गए।
इसलिए वह बस को संभाल नहीं सका। इस वजह से हादसा हो गया। हालांकि पुलिस ने बस की तकनीकी जांच के लिए रोडवेज के अधिकारियों से संपर्क किया है।
मिश्रा का कहना है कि अभी घायल पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।










