Uttarakhand News 10 Mar 2026: रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों के खिलाफ उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस ने सोमवार को देहरादून में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिर पर गैस सिलेंडर उठाकर कांग्रेस मुख्यालय से पदयात्रा निकाली और महंगाई के खिलाफ नारेबाजी की।
पुलिस के रोकने पर प्रदर्शनकारी भड़क उठे और खूब हंगामा किया। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक हुई। कांग्रेसियों ने सड़क पर बैठकर खाना बनाया और विरोध जताया।
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा के आह्वान पर देशभर में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के तहत देहरादून में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन से भाजपा जिला मुख्यालय की ओर पदयात्रा निकाली।
कार्यकर्ताओं ने सिर पर गैस सिलेंडर रखकर रैली निकाली और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। पदयात्रा कनक चौक तक पहुंची, जहां पुलिस प्रशासन ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।
महंगाई के विरोध में कनक चौक पर विरोध प्रदर्शन कर चूल्हे पर खाना तैयार करती उत्तराखंड महिला कांग्रेस कार्यकर्ता। जागरण
इसके बाद महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि के विरोध में प्रतीकात्मक रूप से गैस सिलेंडर को फूल-माला पहनाकर उसकी अंत्येष्टि की और धूपबत्ती जलाकर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चूल्हे पर लकड़ी जलाकर रोटी और सब्जी भी बनाई।
उनका कहना था कि महंगाई के कारण गरीब परिवारों को एक बार फिर पुराने दौर की तरह चूल्हे पर खाना बनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। बाद में महिलाओं ने वहीं, तैयार भोजन लोगों को खिलाकर सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन ने विरोध कर रही महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि रसोई गैस के बढ़े हुए दाम वापस नहीं लिए गए और महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, नजमा खान, जया कर्नाटक, महानगर अध्यक्ष उर्मिला ढौंडियाल थापा, जिलाध्यक्ष अंशुल त्यागी, मंजू मिश्रा, महासचिव अनीता सकलानी, पूनम सिंह, दीपा चौहान, नलिनी दीक्षित आदि उपस्थित रहे।










