Uttarakhand News 11 Mar 2026:कालाढूंगी नगर पालिका क्षेत्र के छोराजाली गांव में सोमवार देर रात एक विशाल हाथी घुस आया। हाथी ने नरेश कुमार के गेहूं के खेत में फसल को भारी नुकसान पहुंचाया। आसपास के ग्रामीण उसे भगाने के लिए पहुंचे तो आक्रामक हाथी ग्रामीणों के पीछे दौड़ गया। इससे ग्रामीण जान बचाकर इधर-उधर भागे, कई लोग घरों में चले गए। हाथी की आवाज और हलचल से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। इधर कालाढूंगी बंदोबस्ती क्षेत्र में भी हाथियों के झुंड ने भूपाल सिंह शाही समेत कई लोगों की गेहूं की फसल रौंद दी है। जिला पंचायत सदस्य अनीता आर्या, सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद कुमार सहित क्षेत्र के ग्रामीणों ने वन विभाग से मामले का संज्ञान लेने की मांग की है।
जंगल में बने तालाब पर हाथी ने बुझाई प्यास
तराई पश्चिमी वन प्रभाग की बरहैनी रेंज अंतर्गत में वन विभाग की ओर से जंगल में बनाए गए तालाबों में इन दिनों वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ने लगी है। गर्मी बढ़ने के साथ जानवर पानी की तलाश में इन जल स्रोतों तक पहुंच रहे हैं। मंगलवार को तालाब में एक हाथी पानी पीते नजर आया। बरहैनी रेंज के वन क्षेत्राधिकारी कृष्ण सिंह मेहरा ने बताया कि रेंज में कई तालाब बनाए गए हैं। बताया कि वन विभाग समय-समय पर इन जल स्रोतों की देखरेख भी करता है ताकि वन्यजीवों को पानी की कमी न हो।










