Uttarakhand News 12 Mar 2026: हल्द्वानी के नैनीताल रोड स्थित स्वर्णिका ज्वैलर्स से 90 लाख का सोना और हीरे गायब हो गए। इसका खुलासा 24 से 28 फरवरी के बीच स्टॉक ऑडिट से हुआ। दुकान संचालित करने वाली एक्यूफैक्स इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड के एमडी नागेंद्र चंद्र भट्ट ने हल्द्वानी शोरूम के महाप्रबंधक तरुण जैन के खिलाफ मंगलवार रात कोतवाली में धोखाधड़ी व गबन की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

रुद्रपुर (यूएस नगर) के छतरपुर निवासी नागेंद्र चंद्र भट्ट ने पुलिस को बताया कि उनकी कंपनी स्वर्णिका ज्वैलर्स का संचालन करती है। हल्द्वानी के नैनीताल रोड स्थित शोरूम की जिम्मेदारी जीएम तरुण जैन के पास थी। स्टॉक का प्रत्यक्ष नियंत्रण, प्रबंधन और अभिरक्षा की पूरी जिम्मेदारी जीएम की थी। यहां तक उच्च मूल्य स्टॉक के लेनदेन के भी वह प्रभारी थे। 24 से 28 फरवरी के बीच स्टॉक का ऑडिट कराया गया। इसमें पता चला कि 90 लाख रुपये मूल्य का सोना और हीरे स्टॉक में कम है। इसके बाद जीएम तरुण अवकाश पर चले गए। वह पांच मार्च को लौटे लेकिन अचानक से किसी ग्राहक से मिलने की बात कहते हुए निकल गए। फिर वापस नहीं आए। उनके मोबाइल नंबर बंद हैं। हल्द्वानी कोतवाल विजय सिंह मेहता ने बताया कि तहरीर के आधार पर गबन और आपराधिक विश्वासघात की धारा में आरोपी तरुण जैन निवासी हल्द्वानी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

कोतवाली पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है। यह सामने आया कि वह स्टॉक से ज्वैलरी निकालकर किसी महिला को गिफ्ट के रूप में देता था। हालांकि इसकी पूरी पड़ताल की जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगा दी गई है। जल्द ही मामले का खुलासा पुलिस करेगी।