Uttarakhand News 16 Mar 2026: (अल्मोड़ा)। तल्ला सल्ट के लैंण डढरिया क्षेत्र में बेकाबू कार खाई की ओर जा पलटी। संयोग से तीखे ढलान पर पेड़ के सहारे अटक लाने से तीन जिंदगियां बस बच ही गईं।

हालांकि दो युवकों को ज्यादा चोट पहुंची है। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद रामनगर रेफर कर दिया गया। कार सवार रिश्तेदारी में नामकरण समारोह में हिस्सा लेने आए थे।

दुर्घटना रविवार शाम छह बजे के आसपास हुई। पवन सिंह पुत्र राम सिंह व कपिल सिंह पुत्र जीवन सिंह निवासीगण ग्राम सोकती हरड़ा, भौनखाल तथा अजय रावत पुत्र देवेंद्र सिंह स्याही गांव (तीनों सल्ट ब्लाक) लैंण गांव स्थित रिश्तेदारी में गए थे।

नामकरण समारोह में हिस्सा लेने के बाद शाम को तीनों कार एचआर 26 इएक्स 8497 से मौलेखाल बाजार की ओर जा रहे थे।

आंतरिक ग्रामीण रोड पर डढरिया क्षेत्र में कार बेकाबू होकर सड़क से पहाड़ी की ओर उतर गई। हालांकि पेड़ के सहारे वाहन खाई से ऊपर अटक जाने से तीनों की जान बच गई।

उधर से गुजर रहे ग्रामीणों ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस कर्मियों ने घायलों को कार से निकाल आपातकालीन 108 सेवा से सीएचसी देवायल पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस के अनुसार दो को ज्यादा चोट होने के कारण रामनगर रेफर कर दिया गया है।