Uttarakhand News 17 Mar 2026: विजिलेंस देहरादून की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। टीम ने बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी उपभोक्ता से उसकी पत्नी के नाम पर खरीदे गए अपार्टमेंट में बिजली कनेक्शन दिलाने और विद्युत भार बढ़ाने के नाम पर अवैध धनराशि मांग रहा था।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान में शिकायत दर्ज कराई थी कि पथरी बाग स्थित 33/11 केवी बिजली घर में तैनात अवर अभियंता अतुल कुमार उससे बिजली कनेक्शन जारी करने और लोड बढ़ाने की एवज में 80,000 रुपये की मांग कर रहा है। शिकायत की पुष्टि के बाद सतर्कता टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।
आज टीम ने ट्रैप ऑपरेशन के दौरान आरोपी जेई अतुल कुमार को शिकायतकर्ता से 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम ने मौके पर ही आवश्यक साक्ष्य जुटाए और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
सतर्कता अधिष्ठान के अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में अन्य कोई कर्मचारी या अधिकारी संलिप्त तो नहीं है।
इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़,कंप मच गया है। सतर्कता टीम ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो उसकी शिकायत तुरंत करें, ताकि भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।










