Uttarakhand News 27 Mar 2026: हल्द्वानी। सिलिंडर संकट के बीच गुरुवार को अफसरों ने गैस गोदाम से लेकर एजेंसियों तक व्यवस्था का जायजा लिया। जहां सिटी मजिस्ट्रेट शीशमहल स्थित गैस गोदाम पहुंचे वहीं कुमाऊं मंडल विकास निगम के महाप्रबंधक और एसडीएम ने सरस मार्केट स्थित इंडेन गैस एजेंसी में बैठक ली। हालांकि इसके बाद भी सिलिंडर की होम डिलीवरी में परेशानी जारी है।
शीशमहल गैस गोदाम में हुई धक्का-मुक्की के बाद गुरुवार को सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी मौके पर पहुंचे। उन्होंने गैस एजेंसी प्रबंधक से सिलिंडर वितरण को लेकर जानकारी ली। उधर, सरस मार्केट स्थित गैस एजेंसी में केएमवीएन के जीएम विजयनाथ शुक्ल और एसडीएम प्रमोद कुमार पहुंचे।
उन्होंने वहां आ रहे लोगों से घबराहट में बुकिंग न करने की अपील की। वहीं सिलिंडर की डिलीवरी नहीं होने की शिकायत लेकर आए लोगों की अधिक भीड़ को देखते हुए पूर्ति निरीक्षक राहुल डांगी भी उनके डीएसी नंबर रजिस्टर में दर्ज करने लगे। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही उनके घर पर सिलिंडर पहुंच जाएगा।
गोदाम में पहुंच रहे कम सिलिंडर
सितारगंज स्थित गैस प्लांट से शीशमहल स्थित गैस गोदाम में काठगोदाम के लिए गुरुवार को 360 सिलिंडर वाली एक ही गाड़ी मिल पाई, जबकि हल्द्वानी के लिए दो गाड़ियों से 720 सिलिंडर मिले। जबकि काठगोदाम के लिए सामान्य तौर पर दो गाड़ी और हल्द्वानी के लिए तीन गाड़ी मिलती हैं।
15 दिनों से सिलिंडर की आपूर्ति का इंतजार
शहर में कई जगहें ऐसी हैं जहां दो सप्ताह से अधिक समय से सिलिंडर की गाड़ियां नहीं पहुंची हैं। लोगों का दावा है कि देवलचौड़ बंदोबस्ती, जीतपुर नेगी, डहरिया समेत अन्य जगहों पर सिलिंडर की गाड़ी नहीं पहुंच रही है। उनका कहना है कि बार-बार गैस एजेंसी में जाकर शिकायत कर रहे हैं। इसके बाद भी सिलिंडर नहीं मिल रहा है।










