Uttarakhand News 21 April 2026: रामनगर सड़क पर नयागांव वन विभाग के चेक पोस्ट के समीप सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार ने 18 वर्षीय ठेले वाले युवक अभिषेक सिंह को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल अभिषेक की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई।

जिला ऊधमसिंह नगर के बरहैनी (जबरान) निवासी पंजा सिंह का 18 वर्षीय बेटा अभिषेक सिंह नयागांव वन विभाग के चेक पोस्ट के समीप बेल के जूस का ठेला लगाता था। वह दोपहर करीब पौने दो बजे ठेले पर ग्राहक का इंतजार कर रहा था तभी कालाढूंगी की ओर से आ रही एक स्विफ्ट कार दूसरी कार को ओवरटेक करते समय अनियंत्रित होकर ठेले में जा घुसी। टक्कर से ठेले के परखच्चे उड़ गए और कार पेड़ से टकराई।

राहगीरों ने अभिषेक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी ले जाया गया पर उसकी जान नहीं बच सकी। सूचना पर पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। एसएसआई पंकज जोशी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने कार कब्जे में लेकर भागे चालक की तलाश शुरू कर दी है।