Uttarakhand News 15 May 2026: रुद्रपुर। क्रेडिट कार्ड धारक को झांसा देकर साइबर ठगों ने उसे 61 हजार का चूना लगा दिया। इसकी शिकायत उसके द्वारा बैंक से कर दी गई।

अब बैंक ने पैसा जमा करने के लिए कार्ड धारक को नोटिस जारी कर 84 हजार ब्याज सहित पैसा जमा करवाने का नोटिस दिया तो उसने पुलिस से मामले की शिकायत की। पुलिस द्वारा कोई सहयोग न देने पर वह न्यायालय की शरण में चला गया।

खेड़ा रुद्रपुर निवासी मुमताज अहमद पुत्र अनवर हुसैन ने न्यायालय में दिए शिकायती प्रार्थना पत्र में कहा उसको पांच जनवरी 2025 को एसबीआई द्वारा क्रेडिट कार्ड जारी किया गया था। क्रेडिट कार्ड मिलने के बाद उसके मोबाइल पर संपर्क कर एक व्यक्ति ने अपने आपको बैंक कर्मी बताते हुए क्रेडिट कार्ड को एक्टिवेट करने के लिए ओटीपी देने का झांसा देकर उससे ओटीपी लेने के बाद उसके कार्ड का प्रयोग कर 14 फरवरी 2025 को उसके मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति ने काल कर अपने एसबीआई की हेड ब्रांच मुंबई में कार्यरत होने की जानकारी दे उसे विश्वास में ले लिया।

उसकी बातों में आकर उसने मोबाइल पर आया ओटीपी उसे दे दिया। उसने ओटीपी देने के बाद दो दिन में क्रेडिट कार्ड एक्टिवेट करने का भरोसा दिलाया। उसके द्वारा ओटीपी देने पर उसके क्रेडिट कार्ड पर तीन बार में 61 हजार 62 रुपये कट गए। उसके द्वारा इसकी शिकायत बैंक से की परंतु काई कार्रवाई बैंक द्वारा नहीं की गई।

उसके साइबर ठगी का शिकार होने के बाद बैंक ने उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की। अपितु उसे नोटिस भेज कर 84 हजार रुपया जमा करने को कहा है। जिसकी शिकायत उसके द्वारा पुलिस से की परंतु कोई सुनवाई नहीं हुई। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है।