Uttarakhand News 15 May 2026: तपोवन क्षेत्र स्थित निम बीच में नहाने के दौरान दिल्ली निवासी एक किशोर डूब गया। जल पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस ने मौके पर सर्चिंग अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। शुक्रवार सुबह दोबारा तलाश शुरू की जाएगी।
बृहस्पतिवार शाम करीब 6:28 बजे चौकी तपोवन को सूचना मिली कि निम बीच क्षेत्र में एक किशोर गंगा में डूब गया है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी तपोवन उपनिरीक्षक प्रवीण रावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर मौजूद तीन किशोरों ने बताया कि वह चार दोस्त दिल्ली से घूमने के लिए तपोवन आए थे। सभी निम बीच स्थित पांडव पत्थर के पास गंगा में नहा रहे थे।
इसी दौरान आशीष उर्फ टिल्लू पुत्र राम प्रकाश निवासी वेस्ट सागरपुर, वीर नगर गली नंबर-3, थाना सागरपुर दिल्ली गहरे पानी में डूब गया। उसके साथियों गोलू, लव पुत्र अरविंद राजपूत निवासी हंस पार्क दिल्ली और मनु कुमार निवासी वशिष्ठ पार्क सेकेंड दिल्ली ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव में वह खुद भी डूबने लगे।
इसी दौरान वहां मौजूद स्थानीय युवक हिमांशु तिवारी, जो जर्नी एडवेंचर गाइड के रूप में कार्यरत हैं, तथा जल पुलिस के हेड कांस्टेबल अजय सिंह और कांस्टेबल करण सिंह ने तत्परता दिखाते हुए तीनों किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान ने बताया कि घटनास्थल पर पुलिस, एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीमों ने देर शाम तक सर्चिंग अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा बढ़ने के कारण अभियान रोकना पड़ा। शुक्रवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।










