Uttarakhand News 16 May 2026: रुद्रपुर (उधम सिंह नगर)। नकाबपोश चोरों ने मुख्य बाजार स्थित रेड चीफ और ब्लैक बेरी के शोरूम के साथ ही स्पाईकर, ग्लोबल रिपब्लिक के छत के दरवाजे और दरवाजों के ताले तोड़कर 7.84 लाख की नकदी समेत जूते, पकड़े, बेल्ट समेत लाखों का सामान चुरा लिया।

इसका पता चलते ही शोरूम स्वामी और प्रबंधक में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पहुंची पुलिस ने जानकारी ली और शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। जिसमें तीन नकाबपोश चोर कैद मिले।

पुलिस कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। फोरेंसिक टीम ने घटना स्थलों से साक्ष्य जुटाए और फिंगरप्रिंट लिए।

मुख्य बाजार स्थित मटके वाली गली में कपड़े और जूतों के कई शोरूम है। गली में एक निर्माणाधीन भवन का काम चल रहा है।

बताया जा रहा है कि इसी निर्माणाधीन भवन की छत के रास्ते चोर देर रात रेड चीफ शोरूम की छत पर चढ़े। जहां उन्होंने छत का दरवाजा तोड़ा और शोरूम में प्रवेश किया।

शोरूम मैनेजर घासमंडी निवासी भूपेंद्र ने बताया कि रात सवा 12 बजे के आसपास चोरों ने छह हजार की नकदी, समेत लाखों रुपये के जूते और कपड़े चुरा लिए।

इसके बाद चोर छत के रास्ते दो भवन छोड़कर एलाइंस सिटी वन निवासी मधुर पुत्र हरीश कुमार की स्पाईकर शोरूम में पहुंचे।

छत का दरवाजा तोड़ने शोरूम में गए और 48 हजार की नकदी समेत लाखों रुपये कीमत के कपड़े, बेल्ट, लेपटाप, अंडर गार्मेंट समेत अन्य सामान ले गए। लेपटाप को छत में ही छोड़ गए।

इसके बाद चोर ओमेक्स निवासी अंकित नरूला की ब्लैकबेरी शोरूम में पहुंचे। यहां भी चोर छत के दरवाजे पर लगे ताले को तोड़ शोरूम में प्रवेश किया।

शोरूम के गल्ले में रखे 2.50 लाख रुपये की नकदी के साथ ही लाखों रुपये कीमत के कपड़े समेत अन्य सामान चुरा लिया।

सुबह करीब साढ़े तीन बजे के आसपास चोर माडल कालोनी निवासी आदित्य भनोट के ग्लोबल रिपब्लिक शोरूम की छत पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर 4.80 लाख रुपये की नकदी चुरा ली।

इसके अलावा कपड़े भी चुराए। शुक्रवार सुबह जब चारों शोरूम खुले तो सामान बिखरा हुआ मिला। गल्ले से नकदी भी गायब थी और महंगे जूते और कपड़े भी गायब मिले।

सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी डीआर वर्मा, सीओ विभव सैनी, कोतवाल प्रकाश दानू पुलिस टीम के साथ पहुंचे और जानकारी ली। जिसके बाद की अलग अलग टीम चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

तीन घंटे तक होती रही चोरी, पुलिस गायब
मुख्य बाजार स्थित मटके वाली गली में एक ही रात में चोरों ने चार शोरूम में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया।

रात लगभग 12 बजकर 18 मिनट से लेकर तीन घंटे तक चोर दुकानों का ताला तोड़ सामान चोरी करते रहे, लेकिन इस बीच पुलिस की गश्ती टीम एक बार भी इस ओर नहीं आई। जिससे पुलिस की गश्ती टीम की पोल खुल गई है।