Uttarakhand News 25 May 2026: खटीमा में आईटीबीपी की महिला जवान का जबरन धर्मांतरण कराने के आरोप में पुलिस ने उसके पति समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। ग्राम दिया निवासी निवलेश राना ने पुलिस को तहरीर में आरोप लगाया कि उसका विवाह हिंदू रीति-रिवाज से वर्ष 2014 में हुआ था। विवाह के बाद वह आईटीबीपी में भर्ती हो गई। वर्तमान में लद्दाख में तैनात है। उसने बताया कि पति संदीप सिंह राना बेरोजगार है। वर्ष 2016 में मोहम्मदपुर भुड़िया निवासी कमलजीत सिंह और दान सिंह राना ने उसके पति को रोजगार के लिए पैसे व अन्य लालच दिए। लोभ में पति ने ईसाई धर्म अपना लिया।
उसने बताया कि पति ने उसे बताए बिना दोनों बच्चों के ईसाई नाम भी रख दिए और उन्हें चर्च ले जाने लगा। जब वह छुट्टी पर आई तो पति ने उससे कहा कि तुम्हें भी ईसाई धर्म अपनाना है। उसके इन्कार करने पर पति ने उसकी पिटाई की और उसे जबरन मोहम्मदपुर भुड़िया ले गया। वहां पास्टर दान सिंह राना ने जलकुंड में स्नान कराने के बाद उसका भी धर्मांतरण करा दिया लेकिन उसने हिंदू धर्म के अनुसार पूजा-पाठ नहीं छोड़ी। जबकि पति उसे पूजा पाठ नहीं करने देता है। मांग नहीं भरने देता। मंगलसूत्र भी नहीं पहनने देता है। उसने दोनों बच्चों को भी अपने कब्जे में रखा है। पास्टर को देने के लिए वह हर माह पैसे मांगता है। न देने पर बच्चों को मारने की धमकी देता है। विवश होकर वह पति को प्रत्येक माह पैसे देती है।
आईटीबीपी जवान ने आरोप लगाया कि 19 मई 2026 को पति मायके आया। उस पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव डालते हुए कहने लगा कि 2,00,000 रुपये मिल जाएंगे। ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार करने के लिए अलग से 6000 रुपये प्रतिमाह भी मिलेंगे। महिला ने कहा कि वह पति के कृत्यों से मानसिक व शारीरिक रूप से परेशान हो चुकी है।
खटीमा में धर्मांतरण कराने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिले में ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।










