Uttarakhand News 28 May 2026: Mussoorie: मसूरी-देहरादून मार्ग पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पानी के टैंकर चालक की मौत हो गई। हादसा गज्जी बैंड के पास उस समय हुआ जब मसूरी झील से पानी भरकर मसूरी की ओर आ रहा एक टैंकर अनियंत्रित होकर लगभग 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायल चालक को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 05:53 बजे डायल 112 कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि पानी का टैंकर गज्जी बैंड से नीचे दुर्घटनाग्रस्त हो गया है।
सूचना पुलिस टीम तत्काल आपदा राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस एवं स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने घायल चालक को क्षतिग्रस्त टैंकर से सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए निजी वाहन से हॉस्पिटल भेजा।
हादसे की सूचना चालक के परिजनों एवं टैंकर मालिक को भी दी गई, जिसके बाद टैंकर मालिक भी मौके पर पहुंच गए। प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि घायल चालक की पहचान अक्षय असवाल पुत्र प्रेम सिंह असवाल निवासी ग्राम सभा दुधई, ब्लॉक सहसपुर, जनपद देहरादून, उम्र लगभग 25 वर्ष के रूप में हुई चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा पंचायतनामा एवं अन्य वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।










