Uttarakhand News 4 June 2026: लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के बेरीपड़ाव स्थित रेलवे क्रॉसिंग के समीप खाली सरकारी फार्म में बुधवार सुबह एक महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महिला के शरीर पर चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध माना जा रहा है। मृतका की पहचान सुनीता (50) पत्नी स्व. संतपाल, निवासी गौलागेट बेरीपड़ाव के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक सुनीता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले की रहने वाली थी और वर्तमान में परिवार के साथ बेरीपड़ाव में रह रही थी। महिला के पांच बच्चे हैं। दो बेटियों का विवाह हो चुका है। सुनीता मंगलवार शाम से घर से लापता थी। परिजनों ने देर रात तक महिला की तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। बुधवार सुबह खुरपिया फार्म क्षेत्र में शव पड़ा होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में परिजनों ने शव की पहचान सुनीता के रूप में की। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा, हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन नाथ गोस्वामी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन राणा ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।










