Uttarakhand News 9 June 2026: हल्द्वानी के काठगोदाम डिपो में कार्यरत रोडवेज चालक अजय सिंह कुंजवाल (44) की रविवार देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई। पश्चिमी खेड़ा क्षेत्र में तेज रफ्तार कैंटर ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी जिससे वह कई मीटर दूर जा गिरे। गंभीर रूप से घायल अजय को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

काठगोदाम थाना प्रभारी जसवीर सिंह चौहान के अनुसार गौलापार निवासी अजय ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे। पश्चिमी खेड़ा के पास किसी वाहन से उतरने के बाद वह पैदल घर की ओर जा रहे थे तभी पीछे से आए तेज रफ्तार कैंटर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि अजय करीब 25 से 30 मीटर दूर जाकर सड़क पर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर कैंटर को कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

पिता और भाई के बाद अजय को मिली थी नौकरी

अजय सिंह कुंजवाल का परिवार लंबे समय से परिवहन निगम से जुड़ा रहा है। उनके पिता मोती सिंह कुंजवाल काठगोदाम डिपो में कार्यरत थे। ड्यूटी के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद मृतक आश्रित कोटे में अजय के बड़े भाई वीरेंद्र को नौकरी मिली। लगभग 15-16 वर्ष पहले वीरेंद्र की भी भीमताल के पास एक दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके बाद अजय सिंह को मृतक आश्रित के रूप में चालक की नौकरी मिली थी।

पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

पोस्टमार्टम के बाद जब अजय का शव घर पहुंचा तो परिवार में मातम छा गया। उनकी पत्नी कंचन कुंजवाल का रो-रोकर बुरा हाल था। 12 वर्षीय बेटे और 14 व 16 वर्ष की दोनों बेटियां पिता के निधन से बेसुध होकर विलाप करती रहीं।