Uttarakhand News 13 June 2026: दून मेडिकल कॉलेज में अधिकारियों की लापरवाही से करीब 80 लाख रुपये का मेस घोटाला होने की बात सामने आई है। शुक्रवार को निदेशालय की उच्च स्तरीय कमेटी ने इसकी जांच पूरी कर शासन को रिपोर्ट सौंप दी है। जांच में कई स्तरों पर गंभीर अनियमितताएं और लापरवाही सामने आई हैं। जल्द ही बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई होने की संभावना है।
करीब एक माह पूर्व दून मेडिकल कॉलेज की मेस व्यवस्था में वित्तीय गड़बड़ियों और फर्जीवाड़े का मामला सामने आया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य निदेशालय ने इसकी जांच शुरू कराई थी। जांच के दौरान मेस संचालन, भुगतान प्रक्रिया और निगरानी तंत्र से जुड़े कई पहलुओं की पड़ताल की गई।
सूत्रों के अनुसार जांच में केवल निचले स्तर के कर्मचारियों की ही नहीं, बल्कि निगरानी और नियंत्रण से जुड़े अधिकारियों की भूमिका और लापरवाही भी सामने आई है। रिपोर्ट में कई प्रक्रियागत खामियों और नियमों के उल्लंघन का उल्लेख किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. अजय आर्य ने जांच पूरी होने की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी तथ्यों को संकलित कर विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच में कई स्तरों पर अनियमितताएं सामने आई हैं और इसकी जानकारी शासन को दे दी गई है। अब शासन स्तर पर रिपोर्ट का परीक्षण किया जा रहा है। माना जा रहा है कि रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई, निलंबन या अन्य कठोर कदम उठाए जा सकते हैं।
दून मेडिकल कॉलेज के इस मामले ने सरकारी संस्थानों में वित्तीय पारदर्शिता और निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग की नजर अब शासन के फैसले पर टिकी है, जिससे यह तय होगा कि इस फर्जीवाड़े के लिए आखिर किन-किन लोगों की जवाबदेही तय की जाती है।










