Uttarakhand News 27 June 2026: हल्द्वानी । शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक और खुदी हुई सड़कों के कारण आम जनता ही नहीं, शव यात्राओं को भी भीषण जाम का सामना करना पड़ रहा है।

शुक्रवार को माह के अंतिम सप्ताह और वीकेंड के चलते नैनीताल व आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जिसके चलते रानीबाग-काठगोदाम मार्ग पर लंबा जाम लग गया। इस दौरान तीन लावारिस शवों को अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहा शव वाहन करीब दो घंटे 25 मिनट तक जाम में फंसा रहा।

सफर का समय दोगुना
शुक्रवार को काठगोदाम से रानीबाग तक दिनभर वाहनों की लाइन लगी रही। जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई थी।

मुख्य चौराहों और जाम लगने वाले पाइंट्स पर पुलिस मुस्तैद रही, लेकिन वाहनों की अत्यधिक संख्या के आगे पुलिस के सारे इंतजाम नाकाफी साबित हुए। रेंगते वाहनों के कारण सफर का समय दोगुना हो गया।

उधर, समाजसेवी हेमंत गौनिया ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद तीनों शवों को चित्रशिला घाट स्थित इलेक्ट्रिक शवदाह गृह ले जा रहे थे, लेकिन पर्यटकों के वाहनों की भारी भीड़ के कारण शव वाहन आगे नहीं बढ़ सका। इससे अंतिम संस्कार में काफी देरी हुई। उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी के कारण शव वाहन के भीतर दुर्गंध फैलने लगी और चालक समेत साथ मौजूद लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

कालटेक्स के पास चल रहा निर्माण
काठगोदाम में कालटेक्स के पास पेयजल लाइनों का कार्य चल रहा है, जिसके चलते सड़क एक साइड से खुदी हुई है। इसके अलावा कुछ दूरी पर और खुदा हुआ है वहां पर कार्य बद चल रहा था। इस पर्यटन सीजन में यह भी सड़क पर जाम की वजह बन रही है।

वीकेंड के कारण वाहनों का दबाव बढ़ गया था। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस लगाई गई थी, ताकि व्यवस्था बनी रहे।