Uttarakhand News 29 June 2026: कीर्तिनगर थाना क्षेत्र में कैलाश होटल के समीप सोमवार दोपहर एक यात्री बस और टाटा सूमो की आमने-सामने टक्कर हो गई।

हादसे में टाटा सूमो चालक घायल हो गया, जबकि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे। दुर्घटना में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कीर्तिनगर संजय मिश्रा ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

जांच में पता चला कि नंदानगर-घाट (चमोली) से हरिद्वार जा रही यात्री बस और श्रीनगर की ओर आ रही टाटा सूमो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।

हादसे में टाटा सूमो चालक 28 वर्षीय विकास कुमार, निवासी ग्राम सौर तल्ला, पट्टी चलणस्यूँ, जनपद पौड़ी गढ़वाल घायल हो गया।

उसे तत्काल निजी वाहन से बेस अस्पताल श्रीनगर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य बताई।

पुलिस ने घटना की सूचना चालक के परिजनों को भी दे दी है। दुर्घटना के समय बस में 32 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि किसी भी यात्री को चोट नहीं आई।

बस चालक कल्याण बिष्ट और परिचालक अनूप सिंह रावत ने यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक भेजने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कराई। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु कराया।