Uttarakhand News 3 July 2026: दून अस्पताल की ओपीडी बिल्डिंग में बुधवार-बृहस्पतिवार की दरमियानी रात चोरों ने खूब उत्पात मचाया। कई घंटे तक चोर शौचालयों और कमरों के ताले तोड़ने का प्रयास करते रहे। किसी भी सुरक्षाकर्मी को इसकी भनक तक नहीं लगी। मामले का खुलासा सुबह के समय हुआ जब ओपीडी के लिए कर्मचारी अस्पताल पहुंचे। शौचालय में कई बेसिन टूटे पड़े थे। इस मामले में पुलिस शिकायत के साथ ही प्रबंधन ने जांच बैठा दी है। घटना के बाद से अस्पताल की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक रात के समय कुछ लोग सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर ओपीडी भवन में दाखिल हो गए। वे एक-एक कर कई जगहों पर गए। जब उन्हें कुछ सामान नहीं मिला तो वे दूसरी मंजिल पर मौजूद शौचालय में पहुंचे। उन्होंने शौचालय का ताला तोड़ा। अंदर पहुंचकर पहले उन्होंने टोटियां निकालने का प्रयास किया। नहीं निकलीं तो उन्होंने हैंड बेसिन तोड़ना शुरू किया। उन्होंने एक-एक कर सभी चार बेसिन तोड़ डाले। यह सब करीब दो घंटे तक चला।
इसके अलावा चोरों ने अन्य जगहों पर भी चोरी करने का प्रयास किया लेकिन ताले न टूट पाने की वजह से दूसरी जगह वे चोरी की घटना को अंजाम नहीं दे पाए। चोर काफी देर तक ओपीडी भवन के अंदर इधर से उधर चक्कर काटते रहे। इस बात की किसी को भनक तक नहीं लगी। जबकि ओपीडी के गेट पर गार्ड रूम में सुरक्षाकर्मी तैनात थे। यह पहली बार नहीं है जब दून अस्पताल से चोरी की कोई घटना सामने आई हो। इससे पहले कई बार मरीजों-तीमारदारों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं।
करीब दो महीने पहले सर्जरी विभाग के चार अलग-अलग स्वास्थ्यकर्मियों का सामान एक ही दिन में चोरी हुआ था। इसके अलावा कई बार ऐसे संदिग्ध लोगों को भी पकड़ा गया जो मरीजों के साथ ओपीडी की लाइन में लगकर चोरी करने की फिराक में थे। इतना ही नहीं कुछ महीने पहले अस्पताल में एक फर्जी महिला सुरक्षाकर्मी पकड़ी गई थी। उस पर बच्चा चोरी की घटना को अंजाम देने की कोशिश करने का इल्जाम लगा था।
घटना की जानकारी मिलने के बाद जब प्रबंधन के अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज निकालने के लिए कहा तो आईटी के कर्मचारी कंप्यूटर ही नहीं खोल पाए। उन्हाेंने पासवर्ड भूल जाने की बात कही। प्रबंधन पासवर्ड को रीसेट कर फुटेज निकालने का प्रयास कर रहा है।
चोरी की घटना को अस्पताल ने प्रमुखता से संज्ञान लिया है। इस मामले में पुलिस में शिकायत की गई है। जल्द ही अस्पताल में सुरक्षाकर्मी बढ़ाए जाएंगे। इसकी प्रक्रिया चल रही है। अस्पताल का फैलाव अधिक होने से सही ढंग से निगरानी नहीं हो पा रही है। सुरक्षाकर्मियों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए है।










