Uttarakhand News 8 July 2026: कांवड़ मेला-2026 को लेकर इस बार जिला प्रशासन का सबसे बड़ा फोकस कांवड़ मार्ग पर संचालित होटल, ढाबों और अन्य प्रतिष्ठानों के सत्यापन पर रहेगा। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ हाईलेवल समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था, सुरक्षा और सुविधा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होगा।

पर्यटन विभाग को सभी होटल-ढाबों का अनिवार्य सत्यापन कराने व ऋषिकेश नगर निगम को फर्जी नाम से संचालित प्रतिष्ठानों, अवैध दुकानों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

फर्जी नाम और ओवररेटिंग पर सख्ती, 30 जुलाई से 11 अगस्त तक चलेगा कांवड़ मेला
कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने 25 जुलाई तक मेले से जुड़ी सभी तैयारियां हर हाल में पूरी करने को कहा गया है। बैठक में बताया गया कि कांवड़ मेला 30 जुलाई से शुरू होकर 11 अगस्त तक चलेगा। 31 जुलाई से चार अगस्त तक श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ रहने की संभावना है, जबकि आठ से 11 अगस्त तक डाक कांवड़ का संचालन होगा। 11 अगस्त को शिवालयों में जलाभिषेक किया जाएगा।

डीएम ने 25 जुलाई तक तैयारियां पूरी करने के दिए निर्देश
जिलाधिकारी द्वारा पर्यटन विभाग को कांवड़ मार्ग पर संचालित सभी होटल, ढाबों और भोजनालयों का सत्यापन कराने का निर्देश दिया गया। सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को देखते हुए पूरे कांवड़ मार्ग को चार जोन और 13 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। परिवहन विभाग को जिले की सीमाओं पर वाहनों की नियमित जांच, ओवरलोडिंग रोकने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, पुलिस अधीक्षक जया बलूनी, अपर जिलाधिकारी स्मृता परमार, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एमके शर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

ऋषिकेश क्षेत्र में मांस-मदिरा की बिक्री प्रतिबंधित
ऋषिकेश नगर निगम को मांस व मदिरा की बिक्री पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराने तथा फर्जी नाम से संचालित प्रतिष्ठानों और अवैध दुकानों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया। खाद्य सुरक्षा विभाग को भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए।

सभी दुकानों पर होगी रेट लिस्ट
प्रशासन ने जिला पूर्ति अधिकारी को सभी दुकानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए हैं। ओवररेटिंग करने वालों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज किया जाएगा। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि तैयारियों की समीक्षा केवल बैठकों तक सीमित नहीं रहेगी। वह स्वयं कांवड़ मार्ग व विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। उन्होंने सभी विभागों को चेतावनी दी कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सड़क, घाट और रोशनी की व्यवस्थाएं होंगी दुरुस्त
लोक निर्माण विभाग को यात्रा मार्ग के गड्ढे भरने, पैचवर्क कराने, पुलों की रेलिंग दुरुस्त करने तथा पूरे मार्ग पर स्ट्रीट लाइट और सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। सिंचाई विभाग को गंगा घाटों पर सुरक्षा चेन लगाने तथा नगर निगम को घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था, डेंगू से बचाव के लिए फॉगिंग और दवा छिड़काव सुनिश्चित करने को कहा गया।

24 घंटे मेडिकल और आपात सेवाएं रहेंगी उपलब्ध
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को कांवड़ मार्ग के प्रमुख स्थानों पर मेडिकल टीमें, एंबुलेंस, जीवनरक्षक उपकरण और आवश्यक दवाएं चौबीसों घंटे उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। विद्युत विभाग को ढीले बिजली के तार और खंभे दुरुस्त करने, जल संस्थान को पेयजल और अस्थायी शौचालयों में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने तथा वन विभाग को जंगल से सटे क्षेत्रों में जंगली जानवरों से सुरक्षा के इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।