Uttarakhand News 8 July 2026: गुरुवार को गोरापड़ाव राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने लालकुआं को गहरे सदमे में डाल दिया है।
हादसे में पहले 16 वर्षीय मेधावी छात्र सिद्धार्थ सिंह की पहले ही मौत हो गई थी, वहीं अब गंभीर रूप से घायल उसके मित्र 20 वर्षीय अयान पुत्र शमशेर ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अयान का भोजीपुरा स्थित राममूर्ति अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां शुक्रवार सुबह उसने अंतिम सांस ली।
अयान पुत्र शमशेर खान लालकुआं के वार्ड नंबर चार का निवासी था और अपने पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद उसका शव लालकुआं लाया जा रहा है।
केंटर की बाइक से हुई थी आमने-सामने की भीषण
उल्लेखनीय है कि गुरुवार रात गोरापड़ाव क्षेत्र में रोंग साइड से आ रहे एक केंटर की बाइक से आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक में तुरंत आग लग गई। हादसे में लालकुआं निवासी उदयवीर सिंह के इकलौते 16 वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उसका पड़ोसी और मित्र अयान गंभीर रूप से घायल हो गया था।
इकलौते बेटे को अंतिम विदाई देते समय परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। अब अयान की भी मौत हो जाने से यह हादसा और अधिक दर्दनाक बन गया है। एक ही मोहल्ले के दो युवाओं की असमय मौत से पूरे लालकुआं क्षेत्र में शोक और मातम का माहौल है।










