Uttarakhand News 13 July 2026: टांडा हाईवे पर संजय वन के पास रविवार देर रात सड़क पर अचानक भैंस आ जाने से दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
हादसे में कैंची धाम से लौट रहे दिनेशपुर निवासी एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि दोनों कारों में सवार नौ लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पंतनगर पुलिस और 112 टीम ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, फोर्ड कार रुद्रपुर से हल्द्वानी की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी कार हल्द्वानी से रुद्रपुर लौट रही थी। संजय वन के पास अचानक एक भैंस सड़क पर आ गई।
दूसरी कार पहले भैंस से टकराई और अनियंत्रित होकर सामने से आ रही फोर्ड कार से भिड़ गई।
फोर्ड कार में सवार मोहित सडाना, उनकी पत्नी शारदा सडाना तथा दोनों बच्चे रुद्र और नंदिनी को मामूली चोटें आईं।
दूसरी कार में संतोष राम, संतोष अग्निहोत्री, रक्षपाल सिंह, आनंद जय सिंह और विनोद मिगलानी सहित अन्य लोग घायल हो गए। सभी को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
उपचार के लिए ले जाते समय दिनेशपुर निवासी विनोद मिगलानी ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दूसरी कार में सवार सभी लोग कैंची धाम मंदिर से दर्शन कर रुद्रपुर लौट रहे थे। थाना प्रभारी नंदन सिंह रावत ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।










