Uttarakhand News 15 July 2026: रुद्रप्रयाग जिले के गौंडार क्षेत्र में मंदतौली संगम के पास नदी में बहे व्यक्ति की तलाश अब भी जारी है। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने राहत और खोज-बचाव अभियान शुरू कर दिया था। जानकारी के अनुसार, 13 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:52 बजे ग्राम प्रधान गौंडार ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग को सूचना दी कि मंदतौली संगम के पास एक व्यक्ति नदी में बह गया है।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, जल पुलिस, राजस्व उपनिरीक्षक रांसी और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके के लिए रवाना की गईं। स्थानीय ग्रामीणों और बचाव दलों ने घटनास्थल पर काफी देर तक तलाश की, लेकिन अंधेरा और खराब मौसम के कारण व्यक्ति का पता नहीं चल सका।

14 जुलाई को मौसम में सुधार के बाद एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, जल पुलिस, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमों ने आसपास के क्षेत्रों में व्यापक खोज अभियान चलाया। पूरे दिन चले अभियान के बाद भी लापता व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिल पाया। जिला प्रशासन के अनुसार, लापता व्यक्ति की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है। सभी संबंधित विभाग और बचाव एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ खोज और राहत कार्यों में जुटी हुई हैं।