Uttarakhand News 16 July 2026: एसडीएम कोर्ट परिसर में एक युवक ने अधिवक्ता एवं उनके साथियों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में कोतवाली बाजपुर में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
मुंडिया पिस्तौर निवासी अनीस पुत्र अब्दुल वहीद ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे वह अपने भाई रहीस अहमद उर्फ लाला का हालचाल जानने के लिए एसडीएम कोर्ट परिसर पहुंचा था।
आरोप है कि इसी दौरान एक अधिवक्ता और उनके साथ मौजूद कुछ अन्य अधिवक्ताओं ने बिना किसी कारण उसे घेर लिया तथा गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट की। इस दौरान उसके कपड़े भी फाड़ दिए गए।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने हस्तक्षेप कर उसे आरोपितों से बचाया और अपनी सुरक्षा में लेकर कोतवाली पहुंचाया। अनीस का कहना है कि पुलिस संरक्षण में होने के बावजूद आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित ने घटना की वीडियो फुटेज भी उपलब्ध होने का दावा करते हुए अधिवक्ता एवं अन्य आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।










