Uttarakhand News 20 July 2026: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सोमवार को बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) में कथित चढ़ावा चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के मामले में सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने पूरे मामले की सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में जांच कराने की मांग की।

गोदियाल ने आरोप लगाया कि मामले में बीकेटीसी अध्यक्ष को बचाया जा रहा है और साक्ष्यों से छेड़छाड़ की गई। यदि उनके खिलाफ भी कोई आरोप हैं तो उनकी भी निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत पर भी सहकारी बैंक भर्ती और अन्य मामलों में कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि वह किसी भी सार्वजनिक बहस और निष्पक्ष जांच के लिए तैयार हैं। इस दौरान सरकार और बीकेटीसी अध्यक्ष से इन आरोपों पर जवाब देने की भी मांग की।