Uttarakhand News 21 July 2026: हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आनलाइन पंजीकरण का मंगलवार को अंतिम दिन है। सीयूईटी-यूजी 2026 में शामिल अभ्यर्थी समर्थ पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय परिसर के साथ ही संबद्ध महाविद्यालयों और संस्थानों में संचालित यूजी पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए यह प्रक्रिया शुरू की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षिक विवरण और जरूरी दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने होंगे।
साथ ही निर्धारित पंजीकरण शुल्क जमा करना भी अनिवार्य होगा। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि के बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रवेश प्रक्रिया के तहत बीए, बीएससी और बीकाम सहित अन्य स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले होंगे। इसके अलावा इंटीग्रेटेड एमबीए, बीए एलएलबी और लोक नृत्य व लोक संगीत में डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में भी प्रवेश का अवसर मिलेगा।
विवि ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि संबद्ध कॉलेजों में आवेदन करने से पहले वहां संचालित पाठ्यक्रमों और पात्रता की जानकारी जरूर ले लें। प्रवेश के लिए मेरिट सूची, काउंसलिंग और सीट आवंटन से जुड़ी जानकारी समर्थ पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाएगी।
बता दें कि देहरादून के चार प्रमुख अशासकीय महाविद्यालयों में यूजी की 6740 सीटों पर प्रवेश होने हैं। इनमें डीएवी पीजी कॉलेज में 3815, एमकेपी पीजी कॉलेज में 1415, डीबीएस पीजी कॉलेज में 860 और श्री गुरु राम राय पीजी कॉलेज में 650 सीटें शामिल हैं।










